शहरी क्षेत्र में घुसा जंगली हाथी, हड़कंप

360°

Eksandeshlive Desk

लातेहार : जिले के महुआडांड़ प्रखंड मुख्यालय में गुरुवार को झुंड से भटककर एक जंगली हाथी शहरी क्षेत्र में पहुंच गया।अचानक शहरी क्षेत्र में जंगली हाथी को देखकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शहरी क्षेत्र में जंगली हाथी के आने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने स्थल पर पहुंचकर जंगली हाथी को जंगल की ओर भागने का प्रयास शुरू कर दिया। इधर, जंगली हाथी के आने के बाद हाथी को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ लग गई है। इस कारण वन विभाग की टीम को हाथी को भगाने में परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को अचानक प्रखंड मुख्यालय आने वाली मुख्य सड़क पर जंगली हाथी आ गया। हाथी ने इस दौरान एक ट्रक को रोक दिया और उसमें रखे सामान को खाने का प्रयास किया। उसके बाद जंगली हाथी प्रखंड मुख्यालय की ओर आ गया। इधर, प्रखंड मुख्यालय में हाथी को देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। लोग पटाखे जलाकर हाथी को भगाने का प्रयास करने लगे। वन विभाग की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और हाथी को सुरक्षित जंगल की ओर भागने के प्रयास में जुट गई। हालांकि हाथी के शहरी क्षेत्र में पहुंचने पर सड़क के दोनों और लोगों की भारी भीड़ लग जाने के कारण हाथी को आगे जाने का रास्ता नहीं मिल पा रहा है, जिससे वह इधर-उधर भटक जा रहा है। इस संबंध में रेंजर उमेश कुमार दुबे ने बताया कि हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास शुरू कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अनावश्यक भीड़ न लगाााएं और रास्ते को खाली छोड़ दें।

Spread the love