शिबू सोरेन की सेहत में सुधार, खतरे से बाहर

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : राज्य सांसद और झामुमो के संरक्षक शिबू सोरेन अब खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती गुरुजी की सेहत में काफी सुधार हुआ है। डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है। हालांकि, पूरी तरह स्वस्थ होने और अस्पताल से छुट्टी मिलने में अभी समय लग सकता है। सूत्राें के अनुसार, कुछ दिनों में उनकी एक सर्जरी की जा सकती है। फिलहाल वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। पारिवारिक सदस्यों को छोड़कर किसी को भी उनसे मिलने की अनुमति नहीं है।

उल्लेखनीय है कि शिबू सोरेन को 19 जून को ब्रेन स्ट्रोक और किडनी संबंधी समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की सतर्कता और उपचार के कारण उनकी स्थिति में सकारात्मक प्रगति देखी जा रही है। उनसे कुशलक्षेम जानने के लिए नेताओं का तांता लगा है। चिकित्सकों का कहना है कि उनकी लगातार देखभाल और निगरानी की जा रही है। झामुमो नेताओं और समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के लिए लगातार मंदिर, मस्जिद और चर्च में प्रार्थना कर रहे हैं।

बाबूलाल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की मुलाकात, शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की ली जानकारी : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को दिल्ली में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान मरांडी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली। मरांडी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि हम सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। ईश्वर उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य प्रदान करें ताकि उनका सान्निध्य हमें पुनः प्राप्त हो।