शिबू सोरेन से मिलने दिल्ली के सर गंगाराम अस्‍पताल पहुंची वृंदा कारात, मंत्री संजय यादव ने मां दुर्गा से की प्रार्थना

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : माकपा की वरिष्ठ नेता कामरेड वृंदा कारात झामुमो के नेता शिबू सोरेन को देखने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल पहुंची। मौके पर उन्होंने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और विश्वास व्यक्त किया की शिबू सोरेन जल्द स्वस्थ्य होकर झारखंड लौटेंगे। मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन से भी मुलाकात की। यह जानकारी शनिवार को माकपा के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने दी। वहीं मंत्री संजय प्रसाद यादव ने झारखंड आंदोलन के प्रणेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है।

गुरुजी सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के अभिभावक : मंत्री संजय यादव शनिवार को खास बातचीत के दौरान कहा कि गुरुजी सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के अभिभावक हैं। उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं होना पूरे राज्य के लिए चिंता का विषय है। इसलिए हर सुबह वह मां दुर्गा भवानी से प्रार्थना कर रहे हैं कि गुरुजी शिबू सोरेन जल्द ठीक हो जाएं। बताया कि कैसे वह रोजाना सुबह–सुबह मां दुर्गा से प्रार्थना करते हैं कि हमारे अभिभावक, पथप्रदर्शक, गुरुजी जल्द से जल्द स्वस्थ होकर झारखंड लौटें। एक बार फिर जनता की सेवा में लगें। वर्तमान में गुरुजी की अस्वस्थता चिंता का विषय है, लेकिन पूरा राज्य आशा कर रहा है कि वह जल्द स्वस्थ होकर लौटेंगे। झारखंड एक बार फिर उनका मार्गदर्शन पाएगा। मंत्री ने दिल्ली में शिबू सोरेन के पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति को सराहा। कहा कि हेमंत सोरेन एक बेटे के रूप में अपने कर्तव्यों को पूरी तरह निभा रहे हैं। व्यस्तताओं के बावजूद, वे अपनी धर्मपत्नी कल्पना सोरेन के साथ अस्पताल में डटे हुए हैं। यह हर पिता-पुत्र के रिश्ते के लिए प्रेरणा देने वाला है।

शिबू सोरेन के स्वास्थ्य लाभ की मांगी जा रही विशेष दुआ : दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जल्द स्वास्थ्य लाभ के लिए शनिवार को मस्जिदों में विशेष दुआ का आयोजन किया गया। साथ ही अन्य जगहों पर दुआ करने का आह्वान किया गया है। कांग्रेस के पूर्व सांसद फ़ुरक़ान अंसारी की अपील पर यह आयोजन हो रहा है। फुरकान अंसारी ने इस सम्बंध में प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि हज़ारों लोग मस्जिदों में नमाज़ के बाद विशेष दुआ में शिरकत कर गुरुजी की सलामती की दुआ मांग रहे है। अंसारी ने कहा कि शिबू सोरेन सिर्फ नेता नहीं बल्कि झारखंड की आत्मा हैं। उन्होंने हमेशा शोषितों और वंचितों की आवाज़ को बुलंदी दी है। आज जब वे अस्वस्थ हैं तो हम सबका कर्तव्य बनता है कि उनके ठीक होने के लिए प्रार्थना करें। हमारी दुआएं उनके साथ हैं।

Spread the love