Eksandeshlive Desk
धनबाद: डीएवी पब्लिक स्कूल, कुसुंडा में शिक्षक दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य श्री अजीत कुमार दूबे व शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलन और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण से हुई।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने गुरुवंदना, समूह नृत्य, नुक्कड़ नाटक और भाषण जैसी विविध प्रस्तुतियां दीं, जिनसे पूरा माहौल शिक्षकों के सम्मान में भावुक और उत्साहपूर्ण हो उठा। मंच संचालन ग्यारहवीं की छात्राओं आन्या निकुंभ और खुशी कुमारी ने किया।
प्राचार्य श्री दूबे ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा, “शिक्षक समाज और राष्ट्र की नींव तैयार करते हैं। बच्चों के नैतिक व सामाजिक गुणों के विकास में उनकी भूमिका अतुलनीय है। छात्रों का आदर और सम्मान ही शिक्षकों की सच्ची पूंजी है।”
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें नवीन कुमार, डॉ. जे. सिंह, ए.के. तिवारी, एम.के. सिंह, बी.के. भारती, बी. खल्खो, डॉ. आर.बी. राय, एस. कुमार, सीमा कुमारी और विजेता कुमारी शामिल थे।
