सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है: डॉ एनपी सिंह

360° Education


sunil Verma
रांची: प्रसिद्ध शिक्षाविद् तथा एशियन सोसाइटी का एंटरप्रेन्योरशिप एजुकेशन एंड डेवलपमेंट, ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष डॉ नागेन्द्र प्रसाद सिंह ने युवा पीढ़ी को हमेशा सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प के साथ करियर पथ पर आगे बढ़ाने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि असफलता को कभी निराशा या हताशा का स्वरूप नहीं लेने देना चाहिए बल्कि उसे सफलता की सीढ़ी माननी चाहिए। प्रत्येक असफलता हमें ज्यादा मिहनत और दृढ़तर संकल्प के लिए प्रेरित करती है। डॉ सिंह बीएयू के रांची कृषि महाविद्यालय प्रेक्षागृह में विद्यार्थियों के लिए आजीविका पथ हेतु व्यक्तित्व का गढ़ना विषय पर मोटिवेशनल व्याख्यान दे रहे थे। व्याख्यान का आयोजन रांची कृषि महाविद्यालय पूर्ववर्ती विद्यार्थी संघ (एरेक) द्वारा किया गया था। एरेक के सचिव डॉ अरुण कुमार तिवारी ने कहा कि डॉ सिंह का व्याख्यान एवं परामर्श कृषि के विद्यार्थियों को चुनौतियों से डटकर मुकाबला करने और अपने करियर को ऊंचाई प्रदान करने में बहुत मददगार साबित होगा।
आयोजन में एरेक अध्यक्ष डॉ मणिगोपा चक्रवर्ती, डॉ सविता एक्का, डॉ अरुण कुमार, डॉ नीरज कुमार, महालिंगम् शिवा, आरपी चौधरी, अशोक कुमार ठाकुर आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई। मंच संचालन पीएचडी की छात्रा दीपिका किड़ो ने किया। व्याख्यान सुनने के लिए प्रेक्षागृह में लगभग 300 विद्यार्थी, शिक्षक एवं पूर्ववर्ती छात्र उपस्थित थे जबकि देश के विभिन्न भागों में कार्यरत करीब 50 एलुमनी ने आॅनलाइन जुड़कर अपनी जिज्ञासा रखी और समाधान प्राप्त किया। श्री सिंह ने रांची कृषि महाविद्यालय से 1964-65 बैच के छात्र के रूप में स्नातक करने के बाद भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली से गोल्ड मेडल के साथ एमएससी किया। आईआईएम अहमदाबाद और मैनेजमेंट डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट में प्राध्यापक रहे। अपेक्स इंस्टीट्यूट, लखनऊ के संस्थापक निदेशक रहे तथा 5 वर्षों तक क्रैनफील्ड स्कूल आॅफ मैनेजमेंट, इंग्लैंड तथा अंतरराष्ट्रीय मजदूर संगठन में कार्य किया। वर्तमान में एशियन सोसायटी फॉर एंटरप्रेन्योरशिप एजुकेशन एंड डेवलपमेंट, ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष हैं।

Spread the love