SUNIL KUMAR
साहिबगंज: उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति (DLMC) की बैठक का आयोजन कार्यालय प्रकोष्ठ में किया गया। बैठक में कृषि, सहकारिता एवं उद्यान विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं तथा समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना सह कृषक पाठशाला योजना की प्रगति का गहन समीक्षा की गई। इस दौरान योजनाओं की वर्तमान स्थिति, उनके समक्ष आ रही चुनौतियों तथा उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना पर चर्चा
उपायुक्त ने समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना को ग्रामीण विकास और कृषि क्षेत्र में सुधार का एक प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, आधुनिक उपकरण और प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ उनकी आय में वृद्धि के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के तहत चल रहे कार्यों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
कृषक पाठशाला योजना की समीक्षा
बैठक में कृषक पाठशाला योजना की भी विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, जलवायु परिवर्तन से निपटने के उपाय और जैविक खेती के लाभों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएं। उन्होंने किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करने और उनके बीच जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद कुमार एक्का, जिला सहकारिता पदाधिकारी महादेव मुर्मू, जिला मत्स्य पदाधिकारी विरेन्द्र विन्हा, उद्यान पदाधिकारी अमितेश रंजन, जिला योजना एवं मूल्यांकन पदाधिकारी अरुण भोक्ता समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
