Eksandeshlive Desk
कोलकाता : बांग्ला फिल्म और धारावाहिक जगत के जाने-माने अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी का रविवार को ओडिशा के तालसारी समुद्र तट के पास एक दुर्घटना में निधन हो गया। वह 42 वर्ष के थे। जानकारी के अनुसार, राहुल अपने चल रहे धारावाहिक की शूटिंग के सिलसिले में दिघा के पास तालसारी समुद्र तट पर मौजूद थे। शूटिंग के दौरान वह एक दृश्य के लिए समुद्र के पानी में उतरे थे, तभी यह हादसा हो गया। उनके अचानक निधन की खबर से बांग्ला कला जगत में शोक की लहर है और कलाकारों तथा प्रशंसकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
बताया जा रहा है कि कुछ समय तक पानी में रहने के बाद वह अचानक लापता हो गए। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आए तो इकाई के सदस्यों और तकनीकी कर्मियों ने खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला गया।उन्हें तत्काल दिघा के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने वहां पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह कई मिनट तक पानी के भीतर रहे थे। शव का चिकित्सकीय परीक्षण कराए जाने की संभावना है। राहुल बनर्जी बांग्ला सिनेमा और धारावाहिकों का एक जाना-पहचाना चेहरा थे। उन्होंने अनेक फिल्मों और मंच प्रस्तुतियों में काम किया था तथा अपनी अभिनय प्रतिभा से अलग पहचान बनाई थी।
