Sunil Raaj
गिरिडीह: राजस्व संबंधी बैठक में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं संवेदनशीलता लाने हेतु आज अपने कार्यालय कक्ष में अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ, अनिमेष रंजन ने खोरीमहुआ अनुमंडल अंतर्गत आने वाले सभी अंचलों के अंचलाधिकारियों, राजस्व निरीक्षक एवं उप निरीक्षक और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य अनुमंडल क्षेत्र में राजस्व प्रशासन की वर्तमान स्थिति की समग्र समीक्षा करना एवं उसमें सुधार हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान करना था। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी अनिमेष रंजन ने ऑनलाइन म्यूटेशन, सीमांकन, भू-सर्वेक्षण, वंशावली सत्यापन, अवैध अतिक्रमण तथा भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन जैसे विषयों की समीक्षा की तथा स्पष्ट निर्देश दिया कि आम जनता को राजस्व सेवाएँ पारदर्शिता, समयबद्धता एवं संवेदनशीलता के साथ सुलभ कराना प्रत्येक राजस्व कर्मी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही, टालमटोल अथवा अनावश्यक विलंब को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा एवं दोषी कर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। विशेष निर्देश इस प्रकार दिये गये:-बिचौलियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि बिचौलियावाद पर अंकुश लगाया जा सके।दाखिल-खारिज से संबंधित लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन किया जाए।
सीमांकन से संबंधित विवादों में स्थल निरीक्षण कर समयबद्ध निष्पादन करें। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की अद्यतन सूची तैयार कर विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ की जाए। आम जनता को राजस्व सेवाएँपारदर्शिता, समयबद्धता एवं संवेदनशीलता के साथ सुलभ करायें अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों से कहा कि वे निष्पक्षता, उत्तरदायित्व एवं तत्परता के साथ कार्य करते हुए राजस्व सेवाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने हेतु प्रतिबद्ध रहें। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों ने अपने-अपने अंचल की राजस्व संबंधित स्थितियों से अवगत कराया तथा व्यवस्थाओं को अधिक सक्षम एवं जवाबदेह बनाने हेतु पूर्ण सहयोग एवं समर्पण के साथ कार्य करने की सहमति जताई।