सूरत की टेक्सटाइल मार्केट में लगी आग 30 घंटे बाद काबू, 500 करोड़ के नुकसान की आशंका

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

सूरत/अहमदाबाद : सूरत रिंग रोड स्थित शिवशक्ति टेक्सटाइल मार्केट में लगी आग पर 30 घंटे बाद काबू पा लिया गया है। इस आग से 500 करोड़ से अधिक के नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। इसके कारण कपड़ा व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। सूरत अग्निशमन विभाग पिछले 30 घंटे से 40 से अधिक दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटा हुआ था। इस बीच रात के समय आग का खौफनाक मंजर ड्रोन कैमरों में कैद हुआ है। भीषण आग की जद में 800 से ज्यादा दुकानें आईं हैं, जिनमें करीब 450 दुकानें जलकर राख हो गईं। व्यापारियों की माने ताे इस भीषण आग में 500 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

व्यापारी नरेश जैन ने कहा कि शिवशक्ति मार्केट में लगी आग से व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। सरकार को हमें राहत देनी चाहिए। सूरत में कपड़ा व्यापारी बहुत अधिक कर चुकाते हैं। निगम काे भी कर का भुगतान करते हैं। राज्य सरकार को हमारे लिए आर्थिक पैकेज की घोषणा करनी चाहिए। जिन दुकानों में आग नहीं लगी है, वहां उनके व्यापारी मालिकाें को जल्दी अग्निशमन विभाग कर्मी या पुलिस के साथ जाने दिया जाए ताकि वहां रखे उनके खाते-बही व अन्य आवश्यक सामान काे निकालकर सुरक्षित किया जा सके। व्यापारी नेमाराम ने बताया कि दुकान में स्टॉक बहुत ज्यादा है। इस आग से हुए नुकसान से कई व्यापारी अब सड़क पर आ जाएंगे। अब इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि ये दुकानें कब खुलेंगी। यह अधिकारियों पर निर्भर है कि वे इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं। व्यापारी आकाश मालदरेचा ने बताया कि कपड़ा बाजार में भारी नुकसान हुआ है। मेरी अपनी दो दुकानें हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि ऊपरी मंजिल पर स्थित मेरी एक दुकान को नुकसान पहुंचा है। यह स्पष्ट है कि कई अन्य दुकानों में भी आग लगी हैं। हमें नहीं पता कि अभी अंदर की वास्तविक स्थिति क्या है। लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि चौथी और पांचवीं मंजिल पर स्थित लगभग सभी दुकानें आग से जलकर खाक हो गई हैं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी वसंत पारिख ने बताया कि एक बड़ी टेक्सटाइल मार्केट में आग लगी थी। आग से मार्केट के अंदर का तापमान बहुत अधिक था। इसलिए अंदर जाकर आग पर काबू पाना कठिन था। प्रत्येक दुकान में तीन कर्मी काे टास्क देते हुए आग बुझाने में लगाया गया था। सूरत नगर निगम के 35 से अधिक वाहनों का उपयोग किया गया। इसके अलावा आसपास के उद्योगों से भी सात वाहन लाए गए तथा हाइड्रोलिक्स का भी उपयोग किया गया। आग पर काबू पाने के लिए 40 से अधिक गाड़ियों को काम पर लगाया गया। आग से लगभग 850 दुकानों में से 50 प्रतिशत आग में जलकर क्षतिग्रस्त हो गयी हैं। वहीं सूरत नगर निगम आयुक्त शालिनी अग्रवाल ने बताया कि कल शिवशक्ति मार्केट में आग लगने की बड़ी घटना की सूचना मिली थी। अग्निशमन विभाग की टीमों लगातार हरसंभव प्रयास कर आग पर काबू पाया है। इसमें कलेक्टर और पुलिस के समन्वय से रिलायंस, ओएनजीसी, हजीरा, एम्स से अग्निशमन और जनशक्ति की मदद ली गई।

Spread the love