SUNIL KUMAR
साहिबगंज: स्वास्थ्य विभाग के जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत सूर्या सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल में “विशेष तनाव मुक्ति शिविर” आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य बढ़ते तनाव, चिंता और अवसाद के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
सदर अस्पताल की मनोचिकित्सक डॉ. अर्शी खानम और क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट सुमेधा कुमारी ने नि:शुल्क परामर्श देते हुए तनाव प्रबंधन की सरल तकनीकें बताईं। हॉस्पिटल डायरेक्टर डॉ. विजय कुमार ने मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। विशेषज्ञों ने कहा कि नींद में बदलाव, लगातार उदासी, चिड़चिड़ापन या सामाजिक दूरी जैसे लक्षण दो सप्ताह से अधिक रहें तो डॉक्टर से संपर्क करें। जिला अस्पताल में नि:शुल्क परामर्श व दवाएं उपलब्ध हैं, जबकि तत्काल सहायता के लिए टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 पर संपर्क किया जा सकता है। शिविर में अस्पताल के चिकित्सकों, स्टाफ, नर्सिंग व पैरामेडिकल विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
