Eksandeshlive Desk
तिरुवनंतपुरम : केरल के स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) से सत्ता छीन ली है। तिरुवनंतपुरम नगर निगम में पिछले 45 वर्षों से एलडीएफ का शासन रहा है। निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 101 सदस्यीय तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा ने 50 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, एलडीएफ को 29 सीटें और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) को 19 सीटें मिली हैं। इसके अलावा दो वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। तिरुवनंतपुरम न केवल केरल की राजधानी है, बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। तिरुवनंतपुरम लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर लगातार चार बार सांसद चुने जा चुके हैं। ऐसे में यह क्षेत्र लंबे समय से कांग्रेस और वाम मोर्चे का गढ़ माना जाता रहा है। राज्य के अन्य नगर निगमों की बात करें, तो यूडीएफ ने केरल की छह में से चार नगर निगमों कोल्लम, कोच्चि, त्रिशूर और कन्नूर में जीत दर्ज की है। एलडीएफ ने कोझिकोडे नगर निगम को बरकरार रखा, जबकि राजग ने तिरुवनंतपुरम में एलडीएफ को सत्ता से बाहर कर दिया। पंचायती राज संस्थाओं में भी यूडीएफ का प्रदर्शन मजबूत रहा। यूडीएफ ने 59 जिला पंचायतों, 1063 ब्लॉक पंचायतों और 7451 ग्राम पंचायतों में जीत हासिल की। वहीं, एलडीएफ ने 30 जिला पंचायतों, 823 ब्लॉक पंचायतों और 6137 ग्राम पंचायतों पर कब्जा जमाया। राजग को एक जिला पंचायत, 50 ब्लॉक पंचायतों और 1363 ग्राम पंचायतों में सफलता मिली।
प्रधानमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका की भी सराहना की : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के स्थानीय निकाय चुनाव 2025 में तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का स्वागत करते हुए इसे केरल की राजनीति में “निर्णायक मोड़” बताया है। पहली बार भाजपा ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में सत्ता हासिल की है, जिसे राज्य के राजनीतिक परिदृश्य में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। प्रधानमंत्री ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “धन्यवाद तिरुवनंतपुरम! तिरुवनंतपुरम निगम में भाजपा–एनडीए को मिला जनादेश केरल की राजनीति में एक निर्णायक मोड़ है। लोगों को विश्वास है कि राज्य की विकास आकांक्षाओं को केवल हमारी पार्टी ही पूरा कर सकती है। हमारी पार्टी इस जीवंत शहर के विकास के लिए काम करेगी और लोगों के ‘ईज़ ऑफ लिविंग’ को बेहतर बनाएगी।” प्रधानमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा, “मैं सभी मेहनती भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने जनता के बीच काम किया और यह शानदार परिणाम सुनिश्चित किया। आज का दिन केरल में पीढ़ियों से जमीनी स्तर पर संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं के कार्य और योगदान को याद करने का है, जिनकी बदौलत यह ऐतिहासिक परिणाम संभव हो सका। हमारे कार्यकर्ता हमारी ताकत हैं और हमें उन पर गर्व है।” प्रधानमंत्री ने मतदाताओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि केरल भर में स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा और एनडीए प्रत्याशियों को समर्थन देने वाले मतदाताओं के प्रति वह आभार प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि केरल की जनता यूडीएफ और एलडीएफ से ऊब चुकी है और अच्छे शासन तथा सभी के लिए अवसरों से युक्त ‘विकसित केरल’ के निर्माण के लिए एनडीए को ही एकमात्र विकल्प के रूप में देख रही है। गौरतलब है कि केरल में स्थानीय निकाय चुनाव 9 और 11 दिसंबर को दो चरणों में संपन्न हुए थे। दोनों चरणों में औसतन 73.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो वर्ष 1995 के बाद सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है।
शशि थरूर ने भाजपा के शानदार प्रदर्शन पर दी बधाई : कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अपने संसदीय क्षेत्र तिरुवनंतपुरम का नगर निगम चुनाव जीतने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बधाई दी। शशि थरूर ने भाजपा की जीत पर कहा कि यह केवल एक चुनावी जीत नहीं है, बल्कि राजधानी की राजनीति में एक बड़ा मोड़ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के 45 साल के ‘कुशासन’ को समाप्त कर बदलाव लाना था, लेकिन मतदाताओं ने, परिवर्तन की स्पष्ट मांग करने वाली पार्टी (भाजपा) को ही जीत दिलाई। कांग्रेस नेता ने कहा कि यहां के उन मतदाताओं ने यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) को छोड़ भाजपा को चुना है, जो परिवर्तन की इच्छा रखते हैं। लोगों के इस फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए। पार्टी राज्य की बेहतरी और लोगों की जरूरतों के लिए प्रतिबद्ध है तथा पार्टी सुशासन के सिद्धांतों को बनाए रखेगी। वहीं, कांग्रेस नेता ने केरल के स्थानीय निकाय चुनाव में यूडीएफ की जीत के लिए लोगों को बधाई दी।
