Eksandeshlive Desk
मेसरा : राजधानी रांची के बीआईटी मेसरा ओपी थाना क्षेत्र स्थित बीआईटी मेसरा इंजीनियरिंग कॉलेज के कर्मचारी (सुरक्षा गार्ड) जग्गू महतो, पिता स्व: झबरा महतो (56 वर्ष) की रविवार को मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने कॉलेज के गेट पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारी मौके पर टायर जलाकर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। कॉलेज के छात्र-छात्राओं को भी गेट के अंदर प्रवेश नहीं करने दे रहे थे, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लोग अपनी मांगों और प्रबंधन से वार्ता को लेकर अड़े थे : घटना के बारे में मृतक के सहकर्मी ने बताया कि शनिवार को रात्रि ड्यूटी में आए थे। इस दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई, चक्कर आया और वे जमीन में गिर गए। तभी कॉलेज कैंपस में स्थित डिस्पेंसरी में ले जाया गया, स्थिति नियंत्रण में होने के बाद रात में ही उन्हें घर पहुंचा दिया गया था। और शुबह लगभग पांच बजे उनकी मृत्यु हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि जग्गू महतो परिवार की पूरी जिम्मेदारी संभालते थे। घटना के समय भी वह ड्यूटी पर थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बीआईटी प्रबंधन ने किसी अस्पताल में इलाज कराने के बजाय उन्हें घर पर लाकर छोड़ दिया। इससे नाराज होकर परिजन और ग्रामीणों ने कॉलेज के मुख्य प्रवेश गेट के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया और मुआवजे की मांग कर रहे थे। वहीं कांके प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार व मेसरा ओपी थाना प्रभारी संजीव कुमार परिजन को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास जुटे थे। वहीं खबर लिखे जाने तक कोई वार्ता नहीं हुई थी। लोग अपनी मांगों और प्रबंधन से वार्ता को लेकर अड़े हुए थे।
