टाटा मोटर्स के बाद महिंद्रा एंड महिंद्रा और रेनॉल्ट इंडिया ने अपनी कारों की कीमतों में कटौती का किया ऐलान

Business

Eksandeshlive Desk

नई दिल्‍ली : टाटा मोटर्स के बाद महिंद्रा एंड महिंद्रा और रेनॉल्ट इंडिया ने शनिवार को अपनी कारों की कीमतों में कटौती का ऐलान किया है। वस्‍तु एवं सेवा कर (जीएसटी) दर में कटौती का लाभ ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड (एमएंडएम) ने अपने यात्री वाहनों की कीमत 1.56 लाख रुपये तक घटा दी है। संशोधित कीमतें शनिवार को तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। महिंद्रा एंड महिंद्रा ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि उसने अपने यात्री वाहनों की कीमतों में 1.56 लाख रुपये तक की कटौती की है। ये कटौती जीएसटी दरों में बदलाव की घोषणा के बाद तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। कंपनी ने कहा कि सभी लागू आईसीई पोर्टफोलियो के लिए संशोधित कीमतें 6 सितंबर, 2025 से प्रभावी हो जाएगी और इसे डीलरशिप और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पारदर्शी रूप से अपडेट की जाएंगी। कंपनी ने बताया कि बोलेरो/नियो रेंज की कीमत में 1.27 लाख रुपये, एक्सयूवी3एक्सओ (पेट्रोल) में 1.4 लाख रुपये, एक्सयूवी3एक्सओ (डीजल) में 1.56 लाख रुपये, थार 2डब्ल्यूडी (डीजल) में 1.35 लाख रुपये, थार 4डब्ल्यूडी (डीजल) में 1.01 लाख रुपये और स्कॉर्पियो क्लासिक की कीमत में 1.01 लाख रुपये की कटौती की गई है। बयान के मुताबिक इसी तरह स्कॉर्पियो-एन की कीमत में 1.45 लाख रुपये, थार रॉक्स की कीमत में 1.33 लाख रुपये और एक्सयूवी700 की कीमत में 1.43 लाख रुपये तक की कटौती की गई है। इससे पहले टाटा मोटर्स और रेनॉल्ट इंडिया ने भी जीएसटी दरों को तर्कसंगत बनाने के चलते वाहनों की कीमतों में कटौती की घोषणा की, लेकिन इन कंपनियों ने अपनी कीमत नवरात्रि के पहले दिन 22 सितंबर से लागू करने का ऐलान किया है। इस बीच मारुति सुजुकी के चेयरमैन भार्गव ने भी कीमतों में कटौती के संकेत दिए हैं।

रेनॉल्ट भी कार की कीमतों में करेगी 96,395 रुपये की कटौती, नई दरें 22 सितंबर से होंगी लागू : वहीं रेनॉल्ट इंडिया ने शनिवार को अपनी कारों की कीमतों में 96,395 रुपये तक की कटौती का ऐलान किया है। नई कीमतें नवरात्रि के पहले दिन 22 सितंबर से शुरू होने वाली सभी कारों की डिलीवरी पर लागू होंगी। हालांकि, देशभर के डीलरशिप पर संशोधित कीमतों पर बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है। रेनॉल्ट इंडिया ने शनिवार को जारी बयान में बताया कि वह अपनी कारों की कीमतों में 96,395 रुपये तक की कटौती करेगी, जिससे हाल ही में जीएसटी की दरों में की गई कटौती का पूरा लाभ ग्राहकों को मिलेगा। कंपनी ने कहा कि नई कीमतें नवरात्रि के पहले दिन 22 सितंबर, 2025 से शुरू होने वाली सभी डिलीवरी पर लागू होंगी। रेनॉल्ट इंडिया के एमडी वेंकटराम मामिलपल्ले ने जारी बयान में कहा, “जीएसटी 2.0 का पूरा लाभ ग्राहकों तक पहुंचाना ग्राहकों के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हमारा मानना है कि यह समय पर की गई पहल न केवल हमारी कारों को और अधिक सुलभ बनाएगी, बल्कि त्योहारी सीज़न के दौरान मांग को भी बढ़ावा देगी।” नई जीएसटी व्यवस्था के तहत छोटी कारों पर 18 फीसदी, जबकि बड़ी कारों पर 40 फीसदी जीएसटी लगेगा। कंपनी के नवीनतम संशोधनों के साथ रेनॉल्ट इंडिया के मॉडल अब पहले से कहीं अधिक सुलभ हैं। एंट्री-लेवल पर रेनॉल्ट क्विड की शुरुआती कीमत अब केवल 4.29 लाख रुपये है, जबकि रेनॉल्ट काइगर और रेनॉल्ट ट्राइबर की शुरुआती कीमत 5.76 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है। वेरिएंट के आधार पर कीमतों में 40,095 रुपये से लेकर 96,395 रुपये तक की कटौती की गई है। 22 सितंबर से नई कर दरें लागू होने के साथ ऑटो कंपनियां ग्राहकों को जीएसटी का लाभ देने की तैयारी कर रही हैं। इसी के तहत टाटा मोटर्स ने शुक्रवार देर रात अपनी कारों की कीमतों में 1.40 लाख रुपये की कटौती की घोषणा की थी। वहीं, महिंद्रा एंड महिंद्रा ने आज कहा कि वह कीमत में 1.56 लाख रुपये तक की कटौती करेगी और इसका पूरा लाभ ग्राहकों को देगी। वहीं, मारुति सुजुकी इंडिया से भी जल्द ही कीमतों में कटौती की घोषणा करने की उम्मीद है।

Spread the love