टायर फटने से अनियंत्रित होकर मिनी बस पलटी, कई लोग घायल

Road Accident

Eksandeshlive Desk

कोडरमा : जिले के चंदवारा थाना अंतर्गत जामुखाडी के पास हजारीबाग से कोडरमा जा रही मिनी यात्री बस राज नंदनी बस (संख्या जे एच 02 एफ 9649) रविवार को अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। यात्री चीख-पुकार मचाने लगे। इस हादसे में कई यात्री घायल हो गए। वहीं एक यात्री की स्थिति गंभीर बताई गयी है।

दुर्घटना के दौरान कुछ लोगों को मामूली चोटें भी पहुंची जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। घायलों की पहचान शबाना खातून, रवि पासवान और दुर्गेश्वरी पासवान के रूप में हुईं है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बस का टायर ब्लास्ट हो गया था जिसके बाद बस सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गयी। बस में 20 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे के तुरंत बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों ने बस से यात्रियों को निकाला और फिर पुलिस को घटना की सूचना दी। घटना की सूचना के बाद एस आई मेघनाथ दुबे, एएसआई दिलीप मंडल दल बल के साथ पहुंच कर घटना की जानकारी ली और घायल यात्रियों को एम्बुलेंस से सदर अस्पताल भेजा। जहां यात्री इलाजरत है। साथ ही पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मिनी बस को सड़क हटाकर थाने ले गयी।

Spread the love