टी-20 विश्व कप : जिम्बाब्वे ने ओमान को आठ विकेट से रौंदकर दर्ज की बड़ी जीत

Sports

Eksandeshlive Desk

कोलंबो : जिम्बाब्वे ने टी-20 विश्व कप में शानदार वापसी करते हुए सोमवार को ओमान को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में जिम्बाब्वे के लंबे कद के तेज़ गेंदबाज़ों ने ओमान की बल्लेबाज़ी की कमर तोड़ दी, जिसके बाद ब्रायन बेनेट और अनुभवी ब्रेंडन टेलर ने आसान लक्ष्य को बिना किसी दबाव के हासिल कर लिया। ब्लेसिंग मुज़राबानी, ब्रैड इवांस और रिचर्ड नगारावा की तेज़ गेंदबाज़ी तिकड़ी ने ओमान की 10 में से 9 विकेट झटककर इतिहास रच दिया। यह पहला मौका था जब जिम्बाब्वे के तेज़ गेंदबाज़ों ने टी-20 विश्व कप के किसी मैच में इतने विकेट लिए। पावरप्ले में मुज़राबानी सबसे घातक साबित हुए। उन्होंने शुरुआती छह ओवरों में गिरने वाले चार में से तीन विकेट झटके। नगारावा ने पावरप्ले में एक और मध्य ओवरों में दो विकेट चटकाए, जबकि इवांस ने आख़िरी तीन विकेट लेकर ओमान की पारी का अंत किया।

पावरप्ले में मुज़राबानी का कहर : ओमान की पारी की शुरुआत में नगारावा की शॉर्ट गेंदों को ओपनर्स ने संभाल लिया, लेकिन दूसरे छोर से मुज़राबानी की फुल लेंथ गेंद ने कप्तान जतिंदर सिंह को बैकफुट पर फंसा दिया। गेंद स्टंप्स में समा गई और यहीं से ओमान की विकेटों की झड़ी लग गई। नगारावा ने अगले ओवर में हम्माद मिर्ज़ा को शॉर्ट गेंद पर आउट किया। इसके बाद 44 वर्षीय आमिर कलीम थर्ड मैन पर कैच थमा बैठे। मुज़राबानी ने करण सोनावाले को भी शॉर्ट गेंद पर विकेटकीपर के हाथों कैच कराकर ओमान को गहरे संकट में डाल दिया। सातवें ओवर में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रज़ा ने वसीम अली को आउट कर दियाए जिससे ओमान का स्कोर 27 रन पर पांच विकेट हो गया। इसके बाद सुफ़यान मेहमूद और विनायक शुक्ला ने छठे विकेट के लिए 42 रन जोड़कर पारी को कुछ संभालने की कोशिश की। शुक्ला ने 28 रन में चार चौके लगाए, जबकि मेहमूद ने 39 गेंदों पर 25 रन बनाए। नगारावा ने वापसी करते हुए अपने पहले ही गेंद पर शुक्ला को आउट किया और उसी ओवर में जतीन रमणंदी को भी पवेलियन भेजा। इसके बाद इवांस ने अंतिम तीन विकेट चटकाए। आख़िरी विकेट में ब्रायन बेनेट का शानदार डाइविंग कैच चर्चा का विषय रहा, जब उन्होंने डीप मिडविकेट से करीब 20 मीटर दौड़कर हवा में छलांग लगाई।

मेहमूद ने दिखाई उम्मीद, लेकिन…: लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे को तेज़ शुरुआत मिली, हालांकि सुफ़यान मेहमूद ने अपने पहले ही ओवर में तादीवानाशे मरुमानी को पॉइंट पर कैच आउट कराकर ओमान को उम्मीद दी। वसीम अली ने शानदार डाइव लगाकर कैच पकड़ा। अगली ही गेंद पर विकेटकीपर विनायक शुक्ला ने डायोन मायर्स को कैच आउट किया, जो बाद में रिव्यू में सही साबित हुआ। इसके बाद अनुभवी ब्रेंडन टेलर और ब्रायन बेनेट ने पारी को संभाल लिया। टेलर ने पांचवें ओवर में नदीम खान की गेंद पर चौका लगाकर लय पकड़ी, जबकि बेनेट ने मेहमूद और नादीम के खिलाफ लगातार बाउंड्री लगाईं। 11वें ओवर में दोनों बल्लेबाज़ों ने नदीम की जमकर धुनाई की। बेनेट ने कट और पैडल स्वीप लगाया, जबकि टेलर का रिवर्स स्वीप देखने लायक रहा। कप्तान सिकंदर रज़ा ने कवर ड्राइव के साथ विजयी रन लगाकर टीम को 6.3 ओवर शेष रहते जीत दिला दी।

संक्षिप्त स्कोर : ओमान 103 (विनायक शुक्ला 28; मुज़राबानी 3/16, इवांस 3/18, नगारावा 3/17), जिम्बाब्वे 106/2 (ब्रायन बेनेट 48*, सुफ़यान मेहमूद 2/12)।

Spread the love