Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली : आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2026 के 28वें मुकाबले में अफगानिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को पांच विकेट से हराकर प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत दर्ज की। सोमवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में अजमतुल्लाह ओमरजई ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। अफगानिस्तान ने यूएई को 20 ओवर में 9 विकेट पर 160 रन पर रोक दिया था। इसके बाद 161 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही। पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर यूएई के जुनैद सिद्दीकी ने रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट कर दिया। गुलबदीन नैब और इब्राहिम जादरान ने दूसरे विकेट के लिए 40 रन जोड़े। जादरान ने हैदर अली के एक ओवर में चार चौके लगाकर 18 रन बटोरे। हालांकि छठे ओवर में नैब अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद सिदीकुल्लाह अतल ने जादरान के साथ तीसरे विकेट के लिए 30 रन की साझेदारी की, लेकिन वह 14 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हो गए। जादरान ने 41 गेंदों में 53 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल था।
यूएई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 160 रन ही बना सकी : दरविश रसूली ने अजमतुल्लाह ओमरजई के साथ पांचवें विकेट के लिए 43 रन जोड़े। रसूली ने 23 गेंदों में 33 रन बनाए। अंतिम पांच ओवर में 52 रन की आवश्यकता थी, लेकिन ओमरजई ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मुकाबला अफगानिस्तान के पक्ष में कर दिया। ओमरजई 21 गेंदों में नाबाद 40 रन (2 चौके, 3 छक्के) बनाकर लौटे और अंतिम ओवर की दूसरी गेंद पर विजयी चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई। इससे पहले अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर यूएई को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। यूएई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 160 रन ही बना सकी। टीम के लिए अलीशान शराफू ने 31 गेंदों में 40 रन और सोहैब खान ने 48 गेंदों में 68 रन की पारी खेली। अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह ओमरजई ने चार ओवर में 15 रन देकर चार विकेट लिए। मुजीब उर रहमान ने दो विकेट झटके। कप्तान राशिद खान ने भी एक विकेट हासिल किया और इसी के साथ टी-20 क्रिकेट में अपने 700 विकेट पूरे कर ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की। अफगानिस्तान का अंतिम ग्रुप चरण मुकाबला कनाडा के खिलाफ गुरुवार को चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं यूएई की टीम बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
नामीबिया और स्कॉटलैंड की टीम में बदलाव : आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के दौरान नामीबिया ने अपनी टीम में बदलाव करते हुए एलेक्स वोल्सचेंक को चोटिल बेन शिकोंगो की जगह शामिल किया है। शिकोंगो भारत के खिलाफ 12 फरवरी को खेले गए मुकाबले में दाहिनी जांघ में चोट लगने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। वोल्सचेंक को आधिकारिक तौर पर शामिल करने को आईसीसी की मंजूरी मिल चुकी है। दिल्ली में खेले गए उस मैच में नामीबिया को मेजबान भारत के हाथों 93 रन से करारी हार झेलनी पड़ी थी। लगातार तीन मैच हारने के बाद नामीबिया सुपर-8 की दौड़ से बाहर हो चुकी है। नामीबिया का टूर्नामेंट में अंतिम मुकाबला 18 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ होगा। वहीं स्कॉटलैंड ने भी अपनी टीम में बदलाव करते हुए जैक जार्विस को सफयान शरीफ की जगह शामिल किया है। जार्विस के नाम स्कॉटलैंड के लिए आठ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच दर्ज हैं और वह पहले से टीम के साथ ट्रैवलिंग रिजर्व के रूप में जुड़े हुए थे। तेज गेंदबाज सफयान शरीफ को 12 फरवरी को टीम ट्रेनिंग सत्र के दौरान दाहिनी कमर (ग्रोइन) में चोट लग गई थी, जिसके बाद उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। किसी भी खिलाड़ी के आधिकारिक प्रतिस्थापन के लिए टूर्नामेंट की इवेंट टेक्निकल कमेटी की मंजूरी आवश्यक होती है। मंजूरी मिलने के बाद ही नए खिलाड़ी को औपचारिक रूप से टीम में शामिल किया जाता है।
जोश हेजलवुड की जगह ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल हुए स्टीव स्मिथ : आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 की इवेंट टेक्निकल कमेटी ने सोमवार को ऑस्ट्रेलियाई टीम में जोश हेजलवुड की जगह स्टीव स्मिथ को शामिल करने की मंजूरी दे दी है। तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड अकिलिस (एड़ी) की चोट से उबर रहे हैं और इस कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने हेजलवुड के बाहर होने के समय तुरंत किसी रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की थी। स्मिथ हाल ही में श्रीलंका पहुंचे और रविवार शाम कैंडी में टीम के साथ अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। उन्हें पहले सलामी बल्लेबाज मिच मॉर्श के कवर के तौर पर टीम से जोड़ा गया था, जो अंडकोष की चोट के कारण ऑस्ट्रेलिया के शुरुआती दो मैचों में नहीं खेल पाए थे। ग्रुप-बी में ऑस्ट्रेलिया फिलहाल जिम्बाब्वे से मिली हार के बाद तीसरे स्थान पर है। सुपर-आठ चरण में पहुंचने के लिए उसे अपने बाकी दोनों ग्रुप मुकाबले जीतने होंगे। स्मिथ शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने हाल ही में बिग बैश लीग में सिडनी सिक्सर्स के लिए छह मैचों में लगभग 170 की स्ट्राइक रेट से 299 रन बनाए, जिसमें पिछले चार सत्रों में उनका चौथा शतक भी शामिल है।
