Eksandeshlive Desk
हजारीबाग : जिले के कटकमदाग प्रखंड अंतर्गत शंकरपुर में रविवार देर शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक मोटरसाइकिल और पिकअप वैन के बीच हुई जोरदार आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर कटकमदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल और पिकअप वाहन दोनों को जब्त कर थाने ले लिया है। घटना के बाद पिकअप वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मृतक युवक की पहचान उटा मोड जिला चतरा निवासी बैजू रजक पिता गंदौरी रजक के रुप में हुई है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और मोड़ पर आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सवार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। कटकमदाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
