Eksandeshlive Desk
धनबाद : तेतुलमारी थाना क्षेत्र के तिलाटांड वाटर प्लांट के समीप मंगलवार की अहले सुबह पुलिस और कुख्यात अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में गैंगस्टर प्रिंस खान का करीबी सहयोगी भानु मांझी गोली लगने के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने मौके से एक पिस्तौल, एक खोखा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
सूत्रों के अनुसार, तेतुलमारी पुलिस मंगलवार सुबह लगभग 5 बजे शक्ति चौक से राजगंज की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान भानु मांझी मोटरसाइकिल से गुजर रहा था। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर उसने भागने की कोशिश की और पुलिस जीप पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें भानु मांझी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी और बाघमारा डीएसपी सहित कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया।
धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी भानु मांझी जमशेदपुर निवासी है और कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान का करीबी सहयोगी है। उस पर धनबाद, बोकारो और जमशेदपुर में दर्जनों संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गोली लगने से घायल भानु मांझी को इलाज के लिए असर्फी अस्पताल, धनबाद में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि उसके अन्य साथियों और गिरोह के नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
इस मुठभेड़ और गिरफ्तारी को धनबाद पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है। इससे जिले में सक्रिय अपराधियों के हौसले पर निश्चित रूप से अंकुश लगेगा।
