थिनर फैक्टरी में लगी आग, कई दमकल टीमों ने घंटों मशक्कत कर पाया काबू

360°

Eksandeshlive Desk

मेसरा : ओरमांझी थाना क्षेत्र के इरबा हुट्टूप गांव स्थित जेएलएसएस थिनर फैक्टरी में शुक्रवार की शुबह को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचीं कई दमकल टीमों ने घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया। वहीं आग बुझने तक ग्रामीणों में केमिकल रिसाव का भय बना रहा। देर रात आग बुझने के बाद ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। बताते चलें कि ओरमांझी थाना क्षेत्र के इरबा हुट्टूप गांव में जेएलएसएस के नाम से एक केमिकल फैक्टरी है, जिसमें थिनर व अन्य ज्वलंत पदार्थ का उत्पादन किया जाता है। महिला-पुरुष मजदूर व उनके कुछ बच्चे लोग भी फैक्टरी में रहते हैं।

इरबा व हुट्टूप में देर शाम तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा : बताया गया कि शुक्रवार शुबह को अचानक फैक्टरी में आग लग गई। धुआं देख फैक्टरी में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी फैक्टरी प्रबंधन और दमकल विभाग को दी गई। सूचना पर दमकल विभाग की चार-पांच गाड़ियों ने कई घंटे के बाद आग पर काबू पाया। ओरमांझी थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि एक केमिकल फैक्टरी में भीषण आग लगी है। फैक्टरी प्रबंधक कांटाटोली निवासी जावेद खांन को बुलाकर पूछताछ के बाद ही कारण स्पष्ट होगा। घटना की विभागीय जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं आई है। वहीं, फैक्टरी में आग लगने से गांव इरबा व हुट्टूप में देर शाम तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस दौरान ग्रामीण दहशत में रहे। ग्रामीणों को केमिकल रिसाव होने के स्थिति में जान का खतरा सता रहा था। गनीमत रही कि आग पर जल्द काबू पा लिया गया और केमिकल रिसाव नहीं हुआ। आग बुझने के बाद ही भयभीत ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

Spread the love