रांची: रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत इनडोर स्टेडियम में चल रही 48वीं सीनियर राष्ट्रीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने अटल बिहारी वाजपेयी एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। खिलाड़ियों से आत्मीय भेंट की और प्रतियोगिता में शामिल देशभर के 25 राज्यों से आई 50 पुरुष एवं महिला टीमों को आशीर्वचन दिया। संजय सेठ ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं बल्कि राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और युवा शक्ति के जागरण का सशक्त जरिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी खेलों को बढ़ावा देने वाले यशस्वी पुरुष हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने खेलों के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। ओलंपिक से लेकर ग्रामीण स्तर तक, हर खेल को प्रोत्साहन और संसाधन उपलब्ध कराना मोदी सरकार की प्राथमिकता है। थ्रोबॉल जैसे खेलों को भी अब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है, जो मोदी जी की दूरदर्शिता और सरकार की खेलों के प्रति गंभीरता को दशार्ता है। उन्होंने आगे कहा कि झारखंड की धरती प्रतिभाओं की भूमि है और यहां से कई अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी देश का गौरव बढ़ा चुके हैं। इस प्रतियोगिता से भी कई नई प्रतिभाएं सामने आएंगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के साथ समय बिताया, उनके अनुभवों को सुना और उन्हें लगातार मेहनत और अनुशासन बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ सामूहिक स्मृति फोटो भी खिंचवाया, जिसे खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक संजोया। प्रतियोगिता स्थल पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी पहुंचे। अपने संबोधन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि खेल समाज को एकजुट करने का सबसे मजबूत माध्यम है। खिलाड़ी अपने परिश्रम, संघर्ष और अनुशासन से देश का नाम रोशन करते हैं। आज झारखंड में इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन राज्य के लिए गौरव की बात है और कांग्रेस पार्टी सदैव खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगे कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है बल्कि जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, भाईचारा और अनुशासन का संचार करता है। अरुणाचल बनाम झारखंड महिला वर्ग : विजेता -झारखंड, प्लेयर आॅफ द मैच – सयरा , पश्चिम बंगाल बनाम मुंबई (महिला वर्ग) : विजेता – मुंबई, प्लेयर आॅफ द मैच – अनाया मुंबई, तेलंगाना बनाम कर्नाटक महिला वर्ग : विजेता – कर्नाटक, प्लेयर आॅफ द मैच – रनीथा (कर्नाटक)आंध्र प्रदेश बनाम छत्तीसगढ़ पुरुष वर्ग : विजेता -छत्तीसगढ़, प्लेयर आॅफ द मैच – मयंक छत्तीसगढ़,तमिलनाडु बनाम चंडीगढ़ पुरुष वर्ग : विजेता – तमिलनाडु, प्लेयर आॅफ द मैच – संतोष तमिलनाडु,बिहार बनाम हरियाणा पुरुष वर्ग विजेता – हरियाणा, प्लेयर आॅफ द मैच – सोनू हरियाणा, पंजाब बनाम महाराष्ट्र पुरुष वग विजेता – पंजाब, प्लेयर आॅफ द मैच – सुकपाल पंजाब, पश्चिम बंगाल बनाम मुंबई पुरुष वर्ग विजेता – मुंबई, प्लेयर आॅफ द मैच – राहुल मुंबई, झारखंड बनाम तेलंगाना पुरुष वर्ग विजेता-झारखंड, प्लेयर आॅफ द मैच – साहिल झारखंड सहित अन्य अनेको लोग शामिल थे।
