ट्रंप के दावों पर ईरान ने कहा, लापता अमेरिकी पायलट को रेस्क्यू करने आए कई विमान नष्ट कर दिए गए

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

तेहरान/वॉशिंगटन : ईरान की धरती से अमेरिकी पायलट को सुरक्षित निकाले जाने के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों पर ईरान ने कहा है कि पायलट बचाव अभियान के दौरान कई अमेरिकी विमानों को नष्ट कर दिया गया। ईरान इंटरनेशनल ने ईरानी सैन्य एवं सुरक्षा एजेंसियों का हवाला देते हुए अपनी रिपोर्ट में कहा कि दक्षिणी इस्फ़हान प्रांत में फंसे अपने एक पायलट को बचाने के लिए किए गए अमेरिकी अभियान के दौरान “दुश्मन के कई विमान” नष्ट कर दिए गए। ईरान की समाचार एजेंसी तसनीम के अनुसार खातम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि जिन विमानों को निशाना बनाया गया, उनमें एक अमेरिकी सी-130 सैन्य परिवहन विमान और दो ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर शामिल थे। तसनीम ने रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के हवाले से यह भी कहा कि गार्ड्स, जमीनी बलों, पुलिस और अन्य इकाइयों के संयुक्त अभियान में “दुश्मन के विमान नष्ट कर दिए गए।

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने रविवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्रुथ सोशल पर बताया था कि एफ-15ई जेट के लापता पायलट को अमेरिका ने जटिल बचाव अभियान को अंजाम देते हुए ईरान की जमीन से सुरक्षित निकाल लिया। ट्रंप ने इसे अमेरिकी इतिहास के सबसे साहसी बचाव अभियान बताया। उन्होंने कहा “पिछले कुछ घंटों में अमेरिकी सेना ने इतिहास के सबसे साहसी बचाव अभियानों में से एक को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। हमारे अद्भुत क्रू मेम्बर अधिकारी, जो एक सम्मानित कर्नल हैं, अब पूरी तरह सुरक्षित हैं।” ट्रंप ने लिखा कि अमेरिकी सेना ने उन्हें बचाने के लिए दुनिया के सबसे शक्तिशाली हथियारों से लैस दर्जनों विमान भेजे। अधिकारी घायल हैं, लेकिन पूरी तरह ठीक हो जाएंगे। यह साबित करता है कि हमने ईरानी आसमान पर पूर्ण वायु श्रेष्ठता और प्रभुत्व हासिल कर लिया है। गौरतलब है कि अमेरिकी एयरफोर्स के एफ-15 ईगल जेट शुक्रवार को ईरान के दक्षिणी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें दो क्रू मेंबर थे- एक पायलट और दूसरा वेपन सिस्टम्स ऑफिसर। दोनों ने समय रहते इजेक्ट कर एक-दूसरे से संपर्क बनाए रखा। पायलट को कुछ घंटों में बचा लिया गया, लेकिन दूसरे क्रू मेंबर को ढूंढ़ना चुनौतीपूर्ण था।

Spread the love