Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम : जिले के चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में गुरुवार की दोपहर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बिरसा चौक के पास सड़क पर बने गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसकी 14 वर्षीय बेटी बाल-बाल बच गई। मृतक की पहचान चाकुलिया प्रखंड के जमुआ पंचायत अंतर्गत खेजुरिया गांव निवासी सालखान मुर्मू (45) के रूप में हुई है। वह अपनी बेटी उपल मुर्मू को लेकर घर लौट रहे थे। उपल नारायण दास रुंगटा हाई स्कूल की नौवीं कक्षा की छात्रा है और हॉस्टल में रहती है। गुरुवार सुबह तबीयत खराब होने पर पिता उसे घर ले जाने आए थे।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश : जैसे ही उनकी बाइक बिरसा चौक के पास पहुंची, सड़क पर बने गहरे गड्ढे से वाहन असंतुलित होकर पलट गई। पिता-पुत्री दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच सामने से आ रहा ट्रक (संख्या जेएच 09 एई 0027) सीधे सालखान मुर्मू से टकरा गया। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। वरिष्ठ झामुमो नेता रसीद खान की मदद से 108 एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने कहा कि खराब सड़कों और सड़क किनारे अवैध पार्किंग के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग किया कि दुर्गा पूजा को देखते हुए सड़क किनारे खड़े सभी अनाधिकृत वाहनों को तुरंत हटाया जाए। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सड़क हादसें में दो की मौत, छह घायल : गिरिडीह : जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुरुवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों मे दो लोगों की मौत हो गई और कई व्यक्ति घायल हो गए। पहली घटना मुफ्फसिल थाना इलाके के गिरिडीह डुमरी रोड में न्यू समाहरणालय के गेट सामने हुई, जिसमें एक अज्ञात चार पहिया वाहन बाइक सवार संजय दास को टक्कर मारकर फरार हो गई, जिसमें दो लोगों की मौक़े पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक संजय दास तुरुकडीहा का रहने वाला था और पत्नी से मिलने वह अपने ससुराल जा रहा था। जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंच कर जांच मे जुट गई। हालांकि स्पष्ट नहीं हुआ है कि किस गाड़ी से संजय दास की मौत हुई। वहीं दूसरी घटना जिले के बगोदर थाना इलाके में नेशनल हाईवे के समीप हुई, जहां सडक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। घटना का कारण गाड़ी का टायर ब्लास्ट होना बताया गया है। घटना के बाद गाड़ी का चालक फ़रार हो गया। बताया गया कि एक्सयूवी गाड़ी में सात लोग सवार थे और सभी डुमरी से हजारीबाग के गोरहर जा रहे थे। इसी दौरान बगोदर थाना इलाके के हेसला के समीप टायर ब्लास्ट हुआ इससे गाड़ी पलट गई। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसमें सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें तीन लोगों की स्थिति नाजुक है। सभी को हजारीबाग रेफर कर दिया गया। इधर, जानकारी मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पहुंच कर जांच में जुट गई। फिलहाल मृतक सहित किसी की पहचान नहीं हो पायी है, जबकि एक्सयूवी का चालक फ़रार होने में सफल रहा है।
