अशोक अनन्त
पिपरवार/चतरा: बेंती मैदान में उग्रवादियों की साजिश नाकाम, पुलिस ने घेराबंदी कर उग्रवादियों को दबोचा।
महेंद्र गंझू के घर फायरिंग मामले का हुआ खुलासा,देशी कट्टा, जिंदा गोली और संगठन के पर्चे बरामद।
झारखंड में उग्रवाद के खिलाफ जारी अभियान में चतरा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। 18 मार्च की रात पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पिपरवार थाना क्षेत्र के बेंती मैदान में छापेमारी की गई। एसडीपीओ टंडवा प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने टीएसपीसी (TSPC) संगठन के सुदर्शन जी गिरोह के पांच सदस्यों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए उग्रवादियों की पहचान सुरेंद्र कुमार उर्फ लंबू, अशोक कुमार गंझू, हरीश महतो, सूरज कुमार भुईयां और रोनित कुमार गंझू के रूप में हुई है। इनके पास से एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, संगठन के पर्चे और चोरी की एक पल्सर बाइक बरामद की गई है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि 11 मार्च को महेंद्र गंझू के घर हुई फायरिंग की घटना में भी इसी गिरोह का हाथ था।पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार और उनकी टीम की इस मुस्तैदी ने इलाके में किसी बड़ी आपराधिक घटना को होने से पहले ही टाल दिया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
