कुछेक भाजपा नेताओं की हठधर्मिता के कारण ही झारखण्ड में भाजपा की स्थिति निराश करनेवाली
रांची : अखिल भारतीय संपूर्ण क्रांति राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद, पूर्व जैक उपाध्यक्ष, झारखण्ड मजदूर मोर्चा के अध्यक्ष और भाजपा नेता डॉ. सूरज मंडल ने कहा है कि देश के राष्ट्रपति एवं उपराष्ट्रपति के पद पर दो वैसी विभूतियों का आसीन होना झारखण्ड और यहाँ के लोगों के लिये बहुत ही सौभाग्यपूर्ण और गौरवशाली है जिन्होंने राज्यपाल के रूप में झारखण्ड में अपना योगदान दिया है. डॉ. मंडल ने कहा कि झारखण्ड के लोग मूलतः भाजपा की विचारधारा और देशहित के प्रति समर्पित उसकी नीति से पूरी तरीके से सहमत है लेकिन केवल कुछेक प्रदेश भाजपा नेताओं की हठधर्मिता के कारण ही झारखण्ड में भाजपा की स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण एवं निराशाजनक है.डॉ. मंडल ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति के रूप में कार्यकाल बेहद महत्वपूर्ण और देशहित से परिपूर्ण है. उसी तरीके से श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति बनने और महाराष्ट्र का राज्यपाल बनने से पूर्व झारखण्ड में राज्यपाल के रूप में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है और जिस प्रकार उन्होंने सभी जिलों का भ्रमण कर आम जनता एवं ग्रामीणों की आशाओं, आकांक्षाओं एवं जरूरतों की परवाह की है वह अपने-आप में इस बात का साक्षात प्रमाण है कि उपराष्ट्रपति जमीन से जुड़े वैसे व्यक्तित्व हैं जिनके मार्गनिर्देशन में देश का अद्भुत विकास होगा. साथ ही राज्यसभा के संचालन के लिए उसे एक सक्षम सभापति मिला है जो सभी को साथ लेकर चलने में यकीन करता है. डॉ. मंडल ने कहा कि उपराष्ट्रपति चुनाव पर पूरे देश के साथ ही झारखण्ड के आम जनमानस की भी नजर थी. आम जनता सभी बातों को और झारखण्ड की दिन प्रतिदिन की राजनीतिक गतिविधियों को बखूबी समझ रही है और वह न केवल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके मंत्रियों बल्कि सत्तारूढ गठबंधन के विधायकों एवं तथाकथित जिम्मेदार सरकारी अधिकारियों को भी बहुत बेहतर तरीके से समझ रही है.
