Eksandeshlive Desk
खूंटी : भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 28 मार्च शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु आएंगे। अप राष्ट्रपति के प्रस्तावित खूंटी दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कार्यक्रम के मद्देनजर प्रशासन द्वारा उलिहातु समेत आसपास के क्षेत्रों को अस्थायी रूप से नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। जिला जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार उपराष्ट्रपति 28 मार्च को उलिहातु स्थित भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली (बिरसा ओड़ा) पहुंचेंगे। यहां वे भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे तथा उनके वंशजों से भेंट-वार्ता भी करेंगे।
इसके बाद उनका रांची के लिए प्रस्थान करने का कार्यक्रम निर्धारित है। कार्यक्रम की सुरक्षा को देखते हुए खूंटी की अनुमंडल दंडाधिकारी दिपेश कुमारी ने बीएनएस की धारा 163 के तहत विशेष आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार 28 मार्च को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक खूंटी जिला मुख्यालय से मुरहू थाना क्षेत्र होते हुए उलिहातु स्थित बिरसा ओड़ा तथा एसएसबी कैंप परिसर के 200 मीटर के दायरे में ड्रोन, पैराग्लाइडिंग और हॉट एयर बैलून उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे जारी निर्देशों का पालन करें और कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सहयोग दें।
