उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक केस : 164 आरोपितों की अदालत में पेशी

360° Ek Sandesh Live

News by Sunil

रांची : उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले में गिरफ्तार 164 आरोपितों की सोमवार को अदालत में पेशी हुई। सभी आरोपितों को पांच बसों से रांची सिविल कोर्ट परिसर लाया गया और अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार की अदालत में पेश किया गया। 25-25 की संख्या में आरोपितों की पेशी हुई। जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया।उल्लेखनीय है कि शनिवार की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि रड़गांव में एक अर्धनिर्मित स्थान पर 159 अभ्यर्थियों का जमावड़ा लगा था। सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी दल ने 11 अप्रैल की देर रात छापा मारा था। जिसमें 164 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इनमें 152 पुरुष अभ्यर्थी, 07 महिला अभ्यर्थी, 05 गैंग सरगना सहित अन्य शामिल है।पुलिस की टीम के पहुंचने पर लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने मौके से 160 से अधिक आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें अंतराज्यीय पेपर लीक और पेपर सॉल्वर गिरोह सरगना के 05 आरोपित अतुल वत्स, विकास कुमार, शेर सिंह, आशीष कुमार और योगेश प्रसाद भी शामिल हैं। वहीं 07 महिला आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया है।बताया जाता है कि गैंग के एजेंटों ने तमाड़ के रड़गांव में अभ्यर्थियों को रखा था और उन्हें प्रश्न का उत्तर (आंसर) रटाया जा रहा था। गैंग ने अभ्यर्थियों के मोबाइल और एडमिट कार्ड अपने पास रख लिए थे। अभ्यर्थियों से 15-15 लाख रुपये में सौदा हुआ था। कुछ अभ्यर्थियों ने गैंग के सदस्यों के नाम पर बैंक चेक भी दिया था। मामले में तमाड़ थाना में प्राथमिकी कांड संख्या 21/2026 दर्ज की गई है।

—————

Spread the love