उत्तर प्रदेश में एसआईआरः मतदाता सूची पुनरीक्षण में मतदाता अब 6 मार्च तक कर सकेंगे दावा-आपत्ति

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में दावा-आपत्ति की अवधि को 6 फरवरी से एक माह बढ़ाकर 6 मार्च तक कर दिया गया है। मैपिंग से जुड़े सभी नोटिसों की प्रक्रिया 27 मार्च तक पूरी की जाएगी। यह प्रक्रिया पूरी करने के बाद अंतिम मतदाता सूची 10 अप्रैल को प्रकाशित की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने उत्तर प्रदेश में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) के बारे में बताया कि फॉर्म-7 के कुल 82,684 आवेदन प्राप्त हुए हैं जबकि फॉर्म-6 के अंतर्गत 37,80,414 आवेदन आए हैं। विदेश में रह रहे नागरिक फॉर्म-6A भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं। उन्होंने बताया कि फॉर्म-6 के आवेदन लगातार बढ़ रहे हैं, क्योंकि बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जिनके नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं थे और वे अब लगातार आवेदन कर रहे हैं। उन्हाेंने बताया कि गणना फॉर्म (मैपिंग) से जुड़ी स्थिति यह है कि मैपिंग के दौरान लगभग 1 करोड़ 4 लाख लोग ऐसे पाए गए जिनमें तार्किक विसंगतियां थीं, इसलिए उन्हें सूची में शामिल नहीं किया गया। इन सभी को अब नोटिस भेजे जा रहे हैं। कुल 3 करोड़ 26 लाख लोगों को नोटिस भेजे जाने हैं। अब तक 2 करोड़ 37 लाख नोटिस जनरेट किए जा चुके हैं। इनमें से 86 लाख नोटिस मतदाताओं को वितरित किए जा चुके हैं। 30 लाख 30 हजार मतदाताओं की सुनवाई पूरी हो चुकी है।

Spread the love