वैष्णव 9 जनवरी को 100 रेलवे अधिकारियों को अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार एवं सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले ज़ोनों को 26 शील्ड प्रदान करेंगे

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : भारतीय रेल अपने संगठन में उत्कृष्ट सेवा और उल्लेखनीय योगदान के लिए 100 समर्पित कर्मचारियों एवं अधिकारियों को प्रतिष्ठित 70वां अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2025 से सम्मानित करने जा रही है। यह पुरस्कार समारोह 9 जनवरी 2026 को इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर (यशोभूमि), द्वारका, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। रेलवे, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी के केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव चयनित रेलवे कर्मियों को यह पुरस्कार प्रदान करेंगे। इस अवसर पर रेलवे एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना, रेलवे तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ सतीश कुमार, रेलवे बोर्ड के सदस्य तथा विभिन्न रेलवे ज़ोन और उत्पादन इकाइयों के महाप्रबंधक भी उपस्थित रहेंगे। अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार–2025 के लिए कुल 100 पुरस्कारार्थियों का चयन किया गया है। ये पुरस्कार नवाचार, परिचालन दक्षता, सुरक्षा, संरक्षा, राजस्व वृद्धि, परियोजनाओं की समय पर पूर्णता, खेल उत्कृष्टता तथा अन्य विशिष्ट सेवा क्षेत्रों में योगदान के लिए दिए जा रहे हैं।

नवाचार और दक्षता को प्रोत्साहन : 17 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ऐसे नए नवाचारों, प्रक्रियाओं और कार्य प्रणालियों को अपनाने के लिए सम्मानित किया जाएगा, जिनसे उत्पादकता में वृद्धि, व्यय में बचत, आयात प्रतिस्थापन और संसाधनों के अधिक प्रभावी उपयोग को बढ़ावा मिला, जिससे भारतीय रेल की समग्र दक्षता सुदृढ़ हुई। 22 रेलवे कर्मचारियों एवं अधिकारियों को व्यक्तिगत सुरक्षा की परवाह किए बिना किए गए सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा, जिनसे मानव जीवन एवं रेलवे संपत्ति की रक्षा हुई और जिन्होंने असाधारण साहस, प्रतिबद्धता एवं जनसेवा की भावना का परिचय दिया। 14 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रेलवे आय बढ़ाने तथा बिना टिकट यात्रा, चोरी एवं अन्य कदाचारों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए उनके उल्लेखनीय योगदान हेतु सम्मानित किया जाएगा, जिससे वित्तीय अनुशासन सुदृढ़ हुआ। 19 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परिचालन सुधार, सुरक्षा एवं संरक्षा में वृद्धि, बेहतर रखरखाव पद्धतियों तथा रेलवे परिसंपत्तियों के कुशल उपयोग और संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। 16 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रिकॉर्ड समय में महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं को पूरा करने के लिए सम्मानित किया जाएगा, जिससे अवसंरचना विस्तार, क्षमता वृद्धि और परिचालन प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार हुआ। 10 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित श्रेणियों से इतर विभिन्न कार्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट, समर्पित एवं प्रभावशाली योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। 2 ऐसे खिलाड़ियों को भी अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार–2025 प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में उपलब्धियाँ हासिल कर भारतीय रेल का नाम रोशन किया है। व्यक्तिगत पुरस्कारों के अतिरिक्त, विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रेलवे ज़ोनों को 26 शील्ड प्रदान की जाएंगी, जिससे उनके समग्र प्रदर्शन और उपलब्धियों को मान्यता दी जाएगी। पुरस्कार प्राप्त करने वालों में वे कर्मी भी शामिल हैं, जिन्होंने महाकुंभ जैसे विशाल आयोजनों के दौरान सुरक्षित एवं निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कठिन परिस्थितियों में निर्बाध रेल सेवाएं और जन राहत सुनिश्चित करने वाले अधिकारी, तथा चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में उन्नत बैलास्ट क्लीनिंग मशीनों की शुरुआत कर ट्रैक सुरक्षा, यात्रा गुणवत्ता और दीर्घकालिक रखरखाव दक्षता में सुधार लाने वाले अधिकारी भी शामिल हैं। यह पुरस्कार समारोह भारतीय रेल की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत समर्पण, पेशेवर दक्षता और उत्कृष्ट सेवा को सम्मानित किया जाता है, तथा एक सुरक्षित, अधिक कुशल और यात्री-केंद्रित रेल प्रणाली के निर्माण में इसके कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का उत्सव मनाया जाता है।

Spread the love