वीर शहीद सिदो-कान्हू को मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

Ek Sandesh Live

News by sunil verma

रांची झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को रांची के सिद्धूकान्हू  उद्यान में वीर शहीद सिद्धू मुर्मू और कान्हूमुर्मू की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड वीरों की भूमि है, जहां अनेक वीर सपूतों ने जन्म लेकर जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि राज्य के आदिवासी और मूलवासी समाज ने अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए उस समय भी लड़ाई लड़ी, जब देश के लोगों ने आजादी का सपना भी नहीं देखा था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर शहीद सिदो-कान्हू ने अन्याय, शोषण और अत्याचार के खिलाफ ऐतिहासिक बिगुल फूंका, जो आज भी लोगों को संघर्ष, साहस और स्वाभिमान के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि झारखंड के वीर सपूतों ने अलग-अलग समय में राज्य और समाज के लिए अपने जीवन को समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि वीर शहीद सिदो-कान्हू की जयंती भारत के इतिहास में अमिट रूप से दर्ज है। इस दिन पूरे राज्य और देश में लोग उनकी प्रतिमा, तस्वीर, जन्मस्थली और शहादत स्थल पर पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

Spread the love