विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन तस्कर गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

चतरा : जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग और वशिष्ठ नगर जोरी थाना की संयुक्त टीम ने पोस्तिया गांव में संचालित अवैध विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन किया। छापेमारी के दौरान मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया हैं, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हो गए हैं। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। गुप्त सूचना के आधार पर बरवा टोला स्थित अनिल यादव के घर में छापेमारी की गई। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों की ओर से स्पिरिट में कैरेमल और एसेंस मिलाकर नकली विदेशी शराब तैयार की जा रही थी। तैयार शराब को नामी ब्रांड की बोतलों में भरकर उस पर नकली लेबल और होलोग्राम लगाकर बाजार में खपाने की तैयारी थी।

त्योहारों को ध्यान में रखते हुए जिले में सघन अभियान चलाया जा रहा : छापेमारी के दौरान टीम ने भारी मात्रा में अवैध सामग्री जब्त की। इसमें 1318 बोतल (करीब 577.875 लीटर) बोतलबंद विदेशी शराब, रॉयल स्टैग और रॉयल चैलेंज व्हिस्की के ढक्कन, 35 लीटर स्पिरिट, 20 लीटर रंगीन शराब के साथ एक मारुति स्विफ्ट कार शामिल है। अधीक्षक उत्पाद प्रेम प्रकाश उरांव ने मंगलवार को बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी रामनवमी, ईद और सरहुल पर्व को ध्यान में रखते हुए जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है, जो आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई में अधीक्षक उत्पाद प्रेम प्रकाश उरांव, अवर निरीक्षक आशीष कुमार पांडेय, अभिषेक आनंद, उत्पाद आरक्षी दल, गृहरक्षक बल, महिला गृहरक्षक एवं एएसआई विजय कुमार के नेतृत्व में वशिष्ठ नगर थाना की टीम सहित अन्य कर्मी शामिल थे।

Spread the love