विधानसभा चुनाव : बंगाल में सत्ता परिवर्तन अब तय हो चुका है : नरेन्द्र मोदी

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

आसनसोल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और राज्य में ‘डबल इंजन सरकार’ बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की लहर चल रही है और अब यह परिवर्तन “पत्थर की लकीर” बन चुका है। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के आसनसोल में चुनावी जनसभा में कहा कि पश्चिम बर्धमान की जनता का उत्साह और जनसैलाब इस बात का संकेत है कि पूरा बंगाल बदलाव चाहता है। टीएमसी के पापों का घड़ा भर चुका है और आगामी चुनाव राज्य के भविष्य को नई दिशा देने वाला साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि 4 मई के बाद राज्य में नई सरकार बनेगी और बंगाल विकास के नए युग में प्रवेश करेगा। मोदी ने आरोप लगाया कि टीएमसी के शासन में राज्य के संसाधनों, संभावनाओं और युवाओं के अवसरों पर “गुंडों का कब्जा” हो गया है। बंगाल की संपत्ति, जो विकास में लगनी चाहिए थी, उसकी खुलेआम लूट हो रही है। टीएमसी राज्य को आगे ले जाने के बजाय पीछे धकेल रही है।

प्रधानमंत्री ने आसनसोल-दुर्गापुर क्षेत्र के औद्योगिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह इलाका कभी देश के औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र हुआ करता था। उन्होंने कहा, “साइकिल से लेकर रेल, पेपर से लेकर स्टील, एल्युमिनियम से लेकर ग्लास तक, यहां उद्योगों की लंबी श्रृंखला थी लेकिन आज उद्योगों का पलायन हो रहा है और युवाओं को रोजगार के लिए राज्य से बाहर जाना पड़ रहा है।” उन्होंने कहा कि आजादी के समय देश की आय में बंगाल का योगदान लगभग 12 प्रतिशत था, जो अब घटकर काफी कम हो गया है। इसके लिए उन्होंने कांग्रेस, वामपंथी दलों और टीएमसी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन सभी दलों ने बंगाल के लोगों के साथ विश्वासघात किया और राज्य के विकास को बाधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह चुनाव केवल सरकार बदलने का नहीं, बल्कि आसनसोल और पूरे बंगाल को उसकी पुरानी औद्योगिक पहचान लौटाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि “माफियाराज से मुक्ति” और विकास का रास्ता केवल भाजपा-नीत राजग सरकार ही दे सकती है। मोदी ने कहा कि पिछले कई दशकों में बंगाल की जनता ने कांग्रेस, वामपंथियों और टीएमसी सभी पर भरोसा किया, लेकिन सभी ने जनता को निराश किया। अब लोग केवल वादों पर नहीं, बल्कि काम और ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर निर्णय लेना चाहते हैं और इस मामले में भाजपा सबसे मजबूत है। प्रधानमंत्री ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल से जुड़ी घटनाओं और संदेशखाली का उल्लेख करते हुए कहा कि ये घटनाएं दर्शाती हैं कि टीएमसी अपराधियों के साथ खड़ी है। राज्य में महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करतीं और एसिड अटैक जैसे मामलों में वृद्धि चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार की “बौखलाहट” के कारण वह केंद्रीय सुरक्षा बलों, विशेषकर सीआरपीएफ पर भी सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता इसका जवाब देगी और राज्य में कानून का राज स्थापित होगा।

घुसपैठ के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बंगाल के लोगों की बड़ी चिंता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों में जनसांख्यिकीय बदलाव हो रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों की आस्था, आजीविका और सुरक्षा प्रभावित हो रही है। मोदी ने कहा कि 23 अप्रैल को होने वाला मतदान बंगाल के भविष्य के लिए निर्णायक होगा। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने वोट का उपयोग राज्य में सुरक्षा, विकास और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए करें। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा का मंत्र “सबका साथ, सबका विकास” है, लेकिन जिन्होंने बंगाल को लूटा है, उनके लिए “सबका हिसाब” होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी और हर समस्या का समाधान किया जाएगा।

Spread the love