विधानसभा चुनाव : झारखंड में किसके सिर पर सजेगा ताज, एनडीए और इंडिया दोनों में उत्साह

Election

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव की 81 सीटों पर शनिवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। राज्य के 24 जिला मुख्यालयाें में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने बताया कि सबसे पहले पाेस्टल बैलेट की गिनती हाेगी। इसके बाद साढ़े आठ बजे ईवीएम के वाेटाें की गिनती शुरू की जायेगी। सुबह 9.30 से रूझान आने लगेंगे। सबसे पहले ताेरपा और सबसे आखिर में चतरा विधानसभा क्षेत्र का रिजल्ट आयेगा। क्याेंकि, ताेरपा में सबसे कम 13 राउंड और चतरा में सबसे अधिक 27 राउंड की गिनती हाेगी।

एनडीए और इंडिया के बीच कांटे की टक्कर

अंतिम चुनाव परिणाम शाम पांच बजे के पहले तक आने की संभावना है। एनडीए और इंडिया खेमों के बीच कांटे की टक्कर हुई है। 15 से 18 सीटों पर नजदीकी मुकाबला है, जहां नजदीकी मुकाबला है। इन सीटों के परिणाम किसके पक्ष में आता है इस पर निर्भर करेगा कि झारखंड की सत्ता किसको मिलने वाली है। चुनाव के बाद आए एग्जिट पोल ने सत्ता के गणित को उलझा दिया है। एग्जिट पोल के नतीजे बंटे हुए हैं। अधिकांश ने एनडीए की सरकार बनने की संभावना जताई है जबिक तीन एजेंसियों ने इंडिया गठबंधन की सत्ता में वापसी की बात कही है। हालांकि, झारखंड में सत्ता की तस्वीर साफ नहीं है। मामला उलझा हुआ है। परिणाम आने के बाद ही तस्वीर साफ होगी। जयराम महतो की पार्टी के प्रदर्शन पर भी नजर रहेगी।

वापसी को लेकर झामुमो अधिक उत्साहित

झारखंड में पहली बार ऐसा है कि सत्ता में वापसी को लेकर इंडिया और एनडीए दोनों खेमों में उत्साह है। दोनों को सत्ता में वापसी की उम्मीद है। इसके दो-तीन मुख्य कारण हैं। इंडिया खेमे को भरोसा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चुनाव के दो-तीन महीने पहले जनता को लुभाने के लिए जो योजनाएं शुरू की थी उसका लाभ चुनाव में मिला है। इनमें मंईयां सम्मान योजना, किसानों की कर्ज माफी, बिजली बिल माफ, दो सौ यूनिट मुफ्त बिजली आदि शामिल है। इन योजनाओं और हेमंत सोरेन के नेतृत्व में जनता ने भरोसा जताते हुए दुबारा समर्थन दिया है। सत्ता में वापसी को लेकर झामुमो सबसे अधिक उत्साहित है।

एनडीए को भी सत्ता में आने का पूरा भरोसा

इधर, एनडीए को भी सत्ता आने का पूरा भरोसा है। भाजपा हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ एंटी इंकेंबेन्सी, पांच सालों की वादा खिलाफी, बांग्लादेशी घुसपैठ, रोजगार के सवाल पर युवाओं का आक्रोश, बालू की समस्या, भ्रष्टाचार और चुनाव घोषणा पत्र में जनता से किए गए कई वादों पर भरोसा है। भाजपा ने मंईयां सम्मान के बदले गोगो दीदी योजना, बेरोजगारी भत्ता, तीन लाख सरकारी पदों पर बहाली, 31 सौ रुपये क्विंटल धान की खरीद, एक रुपये में महिलाओं के नाम संपत्ति की रजिस्ट्री जैसी कई घोषणाएं की हैं। इन घोषणाओं पर जनता का समर्थन मिलने की उम्मीद भाजपा को है। भाजपा ने दो महीने के अंदर हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ आक्रामक रूख अपना था।

झामुमो को कल्पना के रूप में मिला एक नया नेता

बहरहाल, परिणाम आने के बाद ही पता चलेगा कि जनता ने किसके पक्ष में फैसला दिया है। इस चुनाव में झामुमो को एक नया नेता मिल गया है। इस चुनाव में सबसे अधिक चर्चा कल्पना सोरेन की हुई। सबसे अधिक सुर्खियां कल्पना ने बटोरीं। कल्पना सोरेन स्टार प्रचारक बनकर उभरी हैं। उन्होंने खूब मेहनत की। धुंआधार प्रचार किया। एक सौ से अधिक सभाएं की। उनकी सभाओं में भारी भीड़ आई। उन्होंने जनता को अपनी ओर आकर्षित किया। इंडिया गठबंधन में सबसे अधिक मांग कल्पना सोरेन की रही। हेमंत सोरेन यदि सत्ता में वापसी करते हैं तो इसमें कल्पना की अहम भूमिका मानी जाएगी। यदि भाजपा सत्ता में आती है तो इसका सारा श्रेय झारखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान व सह प्रभारी हिमंता विस्व सरमा की रणनीति व मेहनत को जाएगा। इन दोनों ने नेताओं ने भाजपा में जान डालने का काम किया है। बैकफुट से फ्रंटफुट पर ला दिया।

पोस्टल बैलेट से शुरू होगी मतगणना, 9:30 बजे पहला रुझान

झारखंड विधानसभा चुनाव में 23 नवंबर को होने वाली मतगणना के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने व्यापक प्रबंध किये हैं। सबसे पहले सुबह आठ बजे पोस्टल बैलेट की गिनती होगी, जो विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कई राउंड में होगी। इसके बाद ईवीएम में बंद मतों की गिनती की जाएगी। चुनाव परिणाम का पहला रुझान सुबह 9:30 बजे से आने लगेंगे। सबसे पहले तोरपा और सबसे आखिर में चतरा विधानसभा सीट का रिजल्ट आएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने शुक्रवार को बताया कि मतों की गितनी की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। मतगणना केंद्रों पर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किये गये हैं।

चतरा में सबसे अधिक 27 राउंड की गिनती होगी

पोस्टल बैलेट और ईवीएम के वोटों की गिनती के लिए अलग-अलग हॉल बनाए गए हैं। तोरपा में सबसे कम 13 राउंड और चतरा में सबसे अधिक 27 राउंड की गिनती होगी। इसी तरह से राजमहल में 20 राउंड, बोरियो में 20, बरहेट में 20, लिट्टीपाड़ा में 14, पाकुड़ में 20, महेशपुर में 16, शिकारीपाड़ा में 19, दुमका में 21, जामा में 20, जरमुंडी में 22, नाला में 24, जामताड़ा में 19 राउंड में गिनती संपन्न कराई जाएगी।

मधुपुर में 23 राउंड में मतगणना पूरी होगी

इसी प्रकार मधुपुर में 23 राउंड में मतगणना होगी। साथ ही सारठ में 18, देवघर में 22, पोडैयाहाट में 24, गोड्डा में 25, महागामा में 23, कोडरमा में 22, बरकट्ठा में 23, बरही में 20, मांडू में 22, हजारीबाग में 21, बड़कागांव में 23, रामगढ़ में 21, सिमरिया में 24, चतरा में 27, धनबाद में 24, बगोदर में 23 राउंड में गिनती होगी। साथ ही जमुआ में 23, गांडेय में 21, गिरिडीह में 21, डुमरी में 21, गोमिया में 18, बेरमो में 18, बोकारो में 24, चंदनकियारी में 15, सिंदरी में 20 राउंड में गिनती कराई जाएगी। निरसा में 20, धनबाद में 20, झरिया में 17, टुंडी में 19, बाघमारा में 17, बहरागोड़ा में 19, घाटशिला में 20, पोटका में 21, जुगसलाई में 20, जमशेदपुर पूर्वी में 21 राउंड में होगी।

भवनाथपुर में 23 राउंड में मतों की गिनती होगी

इसी तरह जमशेदपुर पश्चिम में 22, ईचागढ़ में 17, सरायकेला में 15, खरसांवा में 15, चाईबासा में 21, मझगांव में 20, जगन्नाथपुर में 17, मनोहरपुर में 19, चक्रधरपुर में 17, तमाड़ में 19, सिल्ली में 18 ,खिजरी में 21, रांची में 19, हटिया में 23, कांके में 22, मांडर में 20, तोरपा में 13, खूंटी में 15, सिसई में 19, गुमला में 18, विशुनपुर में 20, सिमडेगा में 22, कोलेबिरा में 20, लोहरदगा में 18, मनिका में 21, लातेहार में 23, पांकी में 19, डालटेनगंज में 20, बिश्रामपुर में 19, छतरपुर में 19, हुसैनाबाद में 19, गढ़वा 23 और भवनाथपुर में 23 राउंड में मतों की गिनती होगी।

रामगढ़ में 21 और बड़कागांव में 24 राउंड में मतगणना

रामगढ़: डीसी चंदन कुमार ने बताया कि रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में मतगणना 21 राउंड में होगी। मतगणना के लिए 20 टेबल लगाए गए हैं। यहां 406 बूथों की मतगणना होगी। इसके अलावा बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के 456 बूथों के लिए 20 टेबल लगाए गए हैं। यहां 24 राउंड में मतगणना होगी। रामगढ़ और बड़कागांव विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना रामगढ़ कॉलेज में होगी। यहां तीन लेयर में सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एसपी अजय कुमार ने बताया कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा केंद्रीय बल को सौंपी गई है। दूसरी सुरक्षा में तैनात जवान मेटल डिटेक्टर से लोगों को अंदर प्रवेश कराएंगे। तीन लेयर में झारखंड पुलिस तैनात की गई है। बिना अधिकृत प्रमाण पत्र के किसी भी व्यक्ति को मतगणना कक्ष में प्रवेश नहीं कराया जाएगा।

पलामू में एक हजार कर्मी मतगणना कार्य में लगाए गए

पलामू : जिले में विधानसभा चुनाव के मतों की गिनती में अब 14 घंटे का समय बच गया है। उम्मीद है कि नौ बजे तक पलामू जिले के पांचों विधानसभा पांकी, डालटनगंज, विश्रामपुर, छतरपुर और हुसैनाबाद से कौन आगे और कौन पीछे इसका रुझान मिलने लगेगा। करीब एक हजार कर्मी मतगणना कार्य में लगाए गए हैं। आंकड़ों के गणित में अब भी प्रत्याशी और उनके समर्थक उलझे हुए हैं। एक तरफ जहां मतगणना की तैयारी में जिला प्रशासन जुटा हुआ है, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक दल और उम्मीदवार भी मतों की गिनती पर पैनी निगाह रखने के लिए अपने एजेंट की सूची तैयार कर चुके हैं। एजेंट के लिए मतगणना हॉल में इंट्री के लिए पास बनाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। तीन तरह के मतों की गिनती होगी, जिसमें पोस्टल बैलेट, राज्य के बाहर रहने वालों का ऑनलाइन वोट (ईटीबीपीएस) और ईवीएम के वोट सम्मिलित हैं। ऑनलाइन वोटों की गिनती में कोई चूक न हो, इसलिए राजनीतिक दल तकनीक की जानकारी रखने वाले एजेंट को काउंटिंग टेबुल पर रखेंगे। सुबह आठ बजे से मतों की गिनती होगी। जिसमें सबसे पहले पोस्टल बैलेट गिने जाएंगे।

डालटनगंज में 426 बूथों के मतों की गिनती 20 राउंड में

गणेश लाल अग्रवाल कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम में शनिवार को पांचों विधानसभा के लिये 96 राउंड में मतों की गणना की जायेगी। इसमें सबसे ज्यादा डालटनगंज में 426 बूथों के मतों की गिनती 20 राउंड में पूरी होगी। इसके अलावा पांकी के 326 बूथ, विश्रामपुर के 367, छत्तरपुर के 335 और हुसैनाबाद के 342 बूथ के वोट 19 राउंड में गिने जाएंगे। पांकी में विधनसभा के लिए 18, डालटनगंज के लिए 22, विश्रामपुर के लिए 20, छत्तरपुर और हुसैनाबद के लिए 18 टेबल बनाये गये हैं। पोस्टल बैलेट की गिनती के लिए विधानसभावार 8-8 टेबल बनाये गये हैं। वहीं, ईटीबीपीएस से प्राप्त मतों की गणना 12 टेबल पर होगी।