विधानसभा चुनाव : महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन की बड़ी जीत, झारखंड में जेएमएम नेतृत्व की वापसी

Election

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : महाराष्ट्र और झारखंड में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आ चुके हैं। दोनों ही राज्यों में सत्तारूढ़ दल ने जीत दर्ज की है। झारखंड में जहां झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के नेतृत्व वाले इंडी अलायंस को बहुमत मिला है। वहीं, महाराष्ट्र में भाजपा नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने जबरदस्त जीत दर्ज की है।

झारखंड में महागठबंधन को पूर्ण बहुमत, महाराष्ट्र में महायूति ने किया क्लीन स्वीप

चुनाव आयोग की ओर से दिए गए आंकड़ों के अनुसार झारखंड की 81 सीटों में से झारखंड मुक्ति मोर्चा 34, भारतीय जानता पार्टी 21, कांग्रेस 16, आरजेडी 4, सीबीआई एमएल (एल) दो, आजसू पार्टी एक सीट, लोकजनशक्ति पार्टी (राम विलास) एक सीट, झारखंड लोकतांत्रिक क्रान्तिकारी मोर्चा एक सीट और जेडीयू के खाते में भी एक सीटआई है। दूसरी ओर, महाराष्ट्र की 288 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। भाजपा 132 सीटों पर विजयी रही है जबकि सहयोगी पार्टी शिवसेना शिंदे ग्रुप ने 57 और एनसीपी ने 41 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, महाविकास आघाड़ी गुट की बात करें तो शिवसेना ( उद्धव बालासाहेब ठाकरे) 20 सीट, कांग्रेस 16 सीट और एनसीपी (शरदचन्द्र पवार) 10 सीटों पर जीत दर्ज करने में कामयाब रही। अन्य में एमआईएमआईएम को 1 सीट, समाजवादी पार्टी को दो सीट और जन सुराज्य पार्टी को दो सीटें मिली हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय युवा स्वाभिनाम पार्टी, राष्ट्रीय समाज पक्ष, सीबीआई (एम), राजर्षी शाहु विकास आघाड़ी और पीसेंट एंड वर्कर्स पार्टी ऑफ इंडिया को क्रमशः एक-एक सीट मिली है। जबकि 2 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे।

लोकसभा की वायनाड और नांदेड़ उपचुनाव में कांग्रेस जीती

लोकसभा की वायनाड और नांदेड़ सीटों पर हुए उपचुनाव में केरल की वायनाड सीट पर प्रियंका गांधी वाड्रा (कांग्रेस) ने चार लाख से ज्यादा के अंतर से जीत दर्ज की है एवं महाराष्ट्र की नांदेड़ सीट पर डॉ. संतुकराव मारोत्राओ हम्बर्डे (भाजपा) विजयी हुए हैं। देशभर में 48 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में असम की 5 सीटों में से तीन पर भारतीय जनता पार्टी, एक पर असम गण परिषद और एक पर यूपीपी लिबरल की जीत हुई है जबकि मेघालय की एक सीट एनपीपी पार्टी की खाते में गई है।

विधानसभा की वि​भिन्न सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे

बिहार की चार सीटों में से दो पर भारतीय जनता पार्टी और उनके दोनों सहयोगियों जनता दल (यू) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेकुलर) को जीत मिली है। छत्तीसगढ़ की रायपुर शहर दक्षिण एक सीट पर भी भारतीय जनता पार्टी को जीत मिली है जबकि गुजरात की वाव सीट को भी भाजपा ने जीत लिया है। कर्नाटक की सभी तीन सीटों पर कांग्रेस पार्टी ने जीत हासिल की है। केरल की दो सीटों में से एक पर कांग्रेस ने और दूसरे पर सीपीएम ने जीत दर्ज की है। मध्य प्रदेश की दो सीटों में एक पर भाजपा और एक पर कांग्रेस को जीत मिली है। पंजाब की बरनाला सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है और बाकी तीन सीट पर आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की है। राजस्थान की 7 सीटों में से पांच पर भारतीय जनता पार्टी, एक पर कांग्रेस, एक पर भारत आदिवासी पार्टी जीती है। वहीं, सिक्किम की दो सीटों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। वहां दोनों सीटें सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा को गई हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की 9 सीटों में से 6 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी और एक सीट पर राष्ट्रीय लोकदल ने जीत दर्ज की है जबकि दो सीटें समाजवादी पार्टी के खाते में गई हैं। उत्तराखंड की एकमात्र सीट केदारनाथ भारतीय जनता पार्टी के खाते में गई है। वहीं, पश्चिम बंगाल की 6 सीटों पर हुए उपचुनावों में सभी सीटों पर तृणमूल कांग्रेस ने कब्जा जमाया है।

महाराष्ट्र विस चुनाव : भाजपा को मिले सबसे अधिक 1 करोड़ 72 लाख 93 हजार 650 वोट

मुंबई : महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सर्वाधिक 1 करोड़ 72 लाख 93 हजार 650 वोट मिले हैं। इन वोटों के साथ ही भाजपा ने सर्वाधिक 132 सीटें हासिल की हैं। वोटों के मामले में कांग्रेस पार्टी राज्य में दूसरे क्रमांक पर रही है, जबकि उसे मात्र 16 सीटें मिल सकी हैं। चुनाव परिणाम के अनुसार महाराष्ट्र में कांग्रेस को 80 लाख 20 हजार 921 वोट मिले हैं और 16 सीटें मिली हैं, जबकि शिवसेना शिंदे समूह वोटों के मामले में राज्य में तीसरे स्थान पर रही और उसे 79 लाख 96 हजार 930 वोट मिले हैं जो कांग्रेस से थोड़े कम हैं। शिवसेना शिंदे समूह को 57 सीटें मिली हैं। वोटों के मामले में शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी चौथे स्थान पर है और उसे 72 लाख 87 हजार 797 वोट मिले हैं। शिवसेना यूबीटी वोटों के मामले में पांचवें स्थान पर है और उसे 64 लाख 33 हजार 013 वोट मिले हैं और उसे 20 सीटें मिली हैं। अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी छठे स्थान पर है और उसे 58 लाख 16 हजार 566 वोट मिले हैं। अजीत पवार की राकांपा ने 41 सीटें हासिल की हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कुल 148 उम्मीदवार उतारे थे, इनमें से सर्वाधिक 132 जीते हैं और भाजपा का जीत का स्ट्राईक रेट सर्वाधिक है। इसी तरह का स्ट्राईक रेट शिंदे समूह की शिवसेना और अजीत पवार की राकांपा का भी है। जबकि कांग्रेस का स्ट्राईक रेट सबसे खराब रहा है।