विधानसभा : झामुमो के मुख्य सचेतक बने मथुरा प्रसाद महतो, कल्पना सोरेन बोलीं-झारखंड को समर्पित है अबुआ सरकार

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड विधानसभा सत्र के अंतिम दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के समर्थन में बोलते हुए झामुमो विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि यह अपनों की सरकार है। अबुआ सरकार झारखंड को समर्पित है। अभिभाषण में इच्छाशक्ति है, जो खुशहाली देने वाली है। उन्होंने कहा कि एक-एक शब्द को धरातल पर उतारेंगे। जनादेश महागठबंधन को मिला है। क्रांतिकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा। केंद्र की योजनाओं में राज्य के गरीब-गुरबों की चिंता नहीं है। किसानों का ऋण माफ किया गया है। झारखंड में झामुमो की अपनी पहचान रही है। ये राज्य झामुमो की उपज है। यह जनादेश आदिवासी-मूलवासियों ने दिया। वहीं झामुमो विधायक मथुरा प्रसाद महतो को झामुमो का मुख्य सचेतक बनाया गया है। गुरुवार को सदन में इसकी घोषणा की गई।

विपक्षी विधायकों ने सरकार को घेरा

विधानसभा सत्र के अंतिम दिन वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने जिला खनिज फाउंडेशन के वित्तीय वर्ष 2020-21 और 2021-22 का वार्षिक प्रतिवेदन सदन में रखा। भाजपा विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि प्रदेश में क्राइम काफी तेजी से बढ़ रहा है। झारखंड की बेटी, बहु और व्यापारी कैसे सुरक्षित रहे इस पर कोई नहीं बोल रहा है। भाजपा विधायक कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने कहा कि पलामू में 45 से 50 रुपये बोरा बालू मिल रहा है। बालू की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। आजसू विधायक निर्मल महतो ने मांडू को अनुमंडल बनाने और ढ़ाढ़ी प्रखंड को रामगढ़ में शामिल करने की मांग की।

हेमलाल मुर्मू की जुबान फिसली

राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के समर्थन में बोलते हुए झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू की जुबान फिसल गई। उनके मुहं से कुछ आपत्तिजनक शब्द निकले, जिस पर भाजपा विधायक डॉ नीरा यादव ने कड़ी आपत्ति जताई। नीरा यादव ने कहा कि सदन में 12 महिला सदस्य हैं। सभी स्वाभिमान के साथ जीना चाहते हैं। इसे बर्दास्त नहीं किया जाएगा। हेमलाल मुर्मू इस पर माफी मांगे। स्पीकर ने कहा कि कभी-कभी बोलते समय स्लीप ऑफ टंग हो जाता है। बाबूलाल ने कहा कि कोई भी सदस्य अपशब्द का प्रयोग न करें, इसका ख्याल रखना पड़ेगा।

Spread the love