विधानसभा उपचुनाव में भी भारी पड़ी भाजपा, तेलंगाना जुबली हिल्स सीट पर कांग्रेस ने दर्ज की जीत

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : देश के विभिन्न राज्यों में हुए उपचुनावों के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी आगे रही। जम्मू-कश्मीर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के इस्तीफे के कारण खाली हुई बडगाम सीट पर भाजपा उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है। वहीं ओडिशा में एक सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा उम्मीदार ने रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की है। वहीं तेलंगाना जुबली हिल्स के विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस उम्मीदवार नवीन यादव ने अपने निकटतम उम्मीदवार भारत राष्ट्र समिति के मंगती सुनीता को 24,729 मतों से हराया है। इस उपचुनाव में भाजपा की जमानत जब्त हो गई। परिणाम आने के बाद बीआरएस पार्टी की उम्मीदवार ने धांधली का आरोप लगाते हुए इसे लोकतंत्र में अलोकतांत्रिक चुनाव बताया। शुक्रवार को मतगणना शुरू होते ही कांग्रेस ने हर राउंड में बढ़त हासिल की। चुनाव आयोग की वेबसाअट के अनुसार ​​इस उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार नवीन यादव ने 24,658 वोटों से बीआरएस पार्टी की उम्मीदवार मगंती सुनीता को हरा दिया। चुनाव में बीआरएस उम्मीदवार सुनीता को 74259 वोट मिले। जबकि भाजपा उम्मीदवार दीपक रेड्डी को 17061 ही मिले। चुनाव हारने के बाद बीआरएस पार्टी की उम्मीदवार सुनीता ने आरोप लगाया कि जुबली हिल्स का चुनाव लोकतंत्र में अलोकतांत्रिक तरीके से हुआ। सुनीता ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं पर लोगों को डराने-धमकाने और वोट देने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग निष्पक्ष उपचुनाव कराने में विफल रहा है। कांग्रेस जीती नही है बल्कि वह नैतिक रूप से चुनाव हारी है।

बडगाम में पीडीपी और नगरोटा सीट पर भाजपा ने कब्ज़ा जमाया : जम्मू-कश्मीर विधानसभा उपचुनाव के नतीजे शुक्रवार को घोषित किए गए, जिसमें पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने बडगाम सीट और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नगरोटा सीट पर कब्जा जमाया। बडगाम में पीडीपी उम्मीदवार आगा सैयद मुंतज़िर मेहदी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के आगा सैयद महमूद को 4,186 से अधिक मतों की बढ़त के साथ हराया। उपचुनावों में सबसे प्रतिस्पर्धी क्षेत्रों में से एक इस निर्वाचन क्षेत्र में 17 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें अपनी पार्टी और अवामी इत्तेहाद पार्टी (एआईपी) के प्रतिनिधि शामिल थे। पीडीपी उम्मीदवार आगा सैयद मुंतज़िर मेहदी ने कहा कि लोगों ने बदलाव और जवाबदेही के लिए मतदान किया है। परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने बडगाम में जीत का जश्न मनाया। नगरोटा में भाजपा उम्मीदवार देवयानी राणा ने जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी (जेकेएनपीपी) के हर्ष देव सिंह को 21 हजार से ज्यादा मतों के अंतर से हराया। एनसी उम्मीदवार शमीम बेगम लगभग 10 हजार वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। दिवंगत विधायक देवेंद्र सिंह राणा की बेटी देवयानी राणा ने 31 अक्टूबर, 2024 को अपने पिता के निधन के बाद राजनीति में प्रवेश किया। उनकी जीत जम्मू क्षेत्र में भाजपा की निरंतर उपस्थिति का प्रतीक है। बडगाम उपचुनाव मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के इस्तीफे के कारण आवश्यक हुआ, जिन्होंने 2024 के विधानसभा चुनावों में गांदरबल और बडगाम दोनों सीटें जीती थीं और गांदरबल का प्रतिनिधित्व करने का फैसला किया था। नगरोटा उपचुनाव देवेंद्र सिंह राणा के निधन के बाद हुआ था।

तरनतारन उपचुनाव में फिर से आआपा की जीत, अकाली दल की सुखविंदर कौर को हराया : पंजाब में तरनतारन विधानसभा उपचुनाव में एक बार फिर से सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को जीत मिली है। आम आदमी पार्टी के हरमीत सिंह संधू ने यहां शिरोमणि अकाली दल की सुखविंदर कौर को 12091 वोटों से हराया है। इस सीट पर कांग्रेस चौथे तथा भाजपा पांचवें नंबर पर चली गई है। तरनतारन सीट पहले भी आम आदमी पार्टी के पास थी। आप विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद यहां उपचुनाव हुए हैं। तरनतारन में 11 नवंबर को 60.95 प्रतिशत मतदान हुआ था। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार आम आदमी पार्टी के हरमीत सिंह संधू को यहां कुल 42 हजार 649 वोट मिले। दूसरे नंबर पर नही शिरोमणि अकाली दल की सुखविंदर कौर को 30 हजार 558 वोट मिले हैं। चौथी बार इस हलके से विधायक बने हरमीत सिंह संधू ने अकाली दल प्रत्याशी को 12091 वोटों से हराया। इस सीट पर तीसरे नंबर पर कट्टरपंथी सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी अकाली दल वारिस पंजाब के प्रत्याशी मनदीप सिंह खालसा रहे हैं, जिन्हें 19620 वोट मिले हैं। कांग्रेस प्रत्याशी करनबीर सिंह 15078 वोट लेकर चौथे स्थान पर तो 6239 वोट लेकर भाजपा के हरजीत सिंह संधू पांचवें स्थान पर रहे हैं। तरनतारन सीट पर जीत के बाद आआपा के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि इस उपचुनाव में पंजाब की जनता ने अकाली दल, कांग्रेस और भाजपा को नकार दिया है। कांग्रेस नेताओं ने जिस तरह से दलितों का अपमान किया, उससे लोगों ने उन्हें यहां सबक सिखाया। आप सुप्रीमो एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि तरन-तारन उपचुनाव में मिली इस ऐतिहासिक जीत ने साफ़ कर दिया है कि पंजाब की जनता को काम की राजनीति और भगवंत मान का ईमानदार नेतृत्व ही पसंद है। पंजाब ने एक बार फिर आप पर अपना भरोसा जताया है। ये जीत जनता की जीत है, मेहनत करने वाले हर कार्यकर्ता की जीत है। पंजाब की जनता और सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई।

उपचुनाव में राजस्थान की अंता विधानसभा सीट पर कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया की जीत : अंता विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया ने भाजपा के मोरपाल सुमन को 15 हजार 612 वोटों से मात दी। कुल 20 राउंड की मतगणना के बाद भाया को 69 हजार 571 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार को 53 हजार 959 वोट मिले। निर्दलीय उम्मीदवार नरेश मीणा 53 हजार 800 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत ने भाया को जीत की बधाई देते हुए कहा कि जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताया है। दूसरी ओर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने जनता के फैसले को स्वीकार करते हुए परिणाम पर प्रतिक्रिया दी। सुबह से ही मतगणना केंद्र राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के बाहर माहौल बेहद गर्म रहा। निर्दलीय उम्मीदवार नरेश मीणा मतगणना के दौरान कई बार समर्थकों के बीच पहुंचे और एक मौके पर वे जीप पर चढ़कर बैठ गए। उनके चेहरे पर निराशा साफ झलक रही थी। मतगणना स्थल पर उनके पहुंचते ही भीड़ में नारेबाजी तेज हो गई, जिस पर सुरक्षा बलों को व्यवस्था संभालनी पड़ी। उधर, कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया के समर्थकों में सुबह से ही उत्साह दिखाई देने लगा था। उनके घर और चुनावी कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक लगातार पहुंचते रहे। कई समर्थक भाया के पैर छूकर उन्हें जीत की अग्रिम बधाई देते नजर आए। बारां शहर के प्रताप चौक पर भी भाया की बढ़त के साथ ही आतिशबाजी होने लगी। हार के बाद निर्दलीय नरेश मीणा ने भावुक होकर कहा कि जनता ने उन्हें जो समर्थन दिया है, उसके लिए वे आभारी हैं। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई भ्रष्टाचार के खिलाफ थी और इस बार “ईमानदारी हार गई और भ्रष्टाचार जीत गया।” उन्होंने समर्थकों से कहा कि यह समय निराश होने का नहीं, बल्कि दोगुनी ताकत से आगे बढ़ने का है। मतगणना सुबह आठ बजे बैलेट पेपर के साथ शुरू हुई थी। शुरुआती राउंड से ही प्रमोद जैन भाया बढ़त बनाए हुए थे। नौवें राउंड में भाया और मीणा के बीच वोटों का अंतर लगभग 6800 तक पहुंच चुका था। दिन बढ़ने के साथ यह अंतर और बढ़ता गया और अंत में भाया ने बड़ी बढ़त के साथ जीत अपने नाम कर ली।

नूआपडा में भाजपा के जय ढोलाकिया 83,748 वोटों से दर्ज की ऐतिहासिक जीत : ओडिशा में पहली बार सरकार गठन के बाद भारतीय जनता पार्टी ने नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव में जबरदस्त जीत दर्ज की है। पार्टी उम्मीदवार जय ढोलाकिया ने 83,748 वोटों के प्रचंड अंतर से जीत हासिल करते हुए यह सीट भाजपा के खाते में पक्की कर दी। उन्हें कुल 1,23,869 वोट प्राप्त हुए । यह वही सीट है जिसका प्रतिनिधित्व पहले उनके दिवंगत पिता राजेन्द्र ढोलाकिया करते थे। उल्लेखनीय है कि राजेन्द्र ढोलाकिया ने पिछला चुनाव बीजेडी टिकट पर जीता था। इस उपचुनाव में बीजेडी के लिए बड़ा झटका देखने को मिला। 2024 में सीट पर कब्जा रखने वाली पार्टी इस बार तीसरे स्थान पर खिसक गई। बीजेडी उम्मीदवार स्नेहांगिनी छुरिया केवल 38,408 वोट ही हासिल कर सकीं। कांग्रेस के उम्मीदवार घासीराम माझी को कुल 40,121 वोट प्राप्त हुए । माझी 2024 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मजबूत प्रदर्शन कर चुके थे। जीत के बाद प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जय ढोलाकिया ने कहा कि मैं आज शाम भुवनेश्वर जाकर मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी से मिलूंगा। शनिवार सुबह श्री जगन्नाथ मंदिर, पुरी में दर्शन करने भी जाउंगा। नुआपाड़ा उपचुनाव में कुल 14 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें नौ निर्दलीय शामिल थे। 11 नवंबर को हुए मतदान में 83.45 प्रतिशत की उत्साहजनक मतदान दर दर्ज की गई थी। यह उपचुनाव 8 सितंबर को दिवंगत विधायक राजेन्द्र ढोलाकिया के निधन के बाद सीट रिक्त होने के कारण कराया गया।

Spread the love