विस चुनाव में भाजपा 68 आजसू 10 जदयू 2 और लोजपा 1 सीट से लड़ेगी चुनाव

360° Ek Sandesh Live Politics


By sunil

Ranchi : भाजपा प्रदेश कार्यालय में संयुक्त पत्रकार वार्ता का आयोजन शुक्रवार को किया । मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एनडीए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार सशक्त, समृद्ध और गौरवशाली भारत का निर्माण कर रही है। मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज एनडीए विकास और सुशासन का प्रतीक है। झारखंड में भी चुनाव का बिगुल बज चुका है। इंडी गठबंधन की सरकार ने झारखंड को तबाही और बबार्दी के कगार पर पहुंचा दिया है। झारखंड के लिए चुनाव सत्ता पर काबिज होने का चुनाव नहीं है यह झारखंड की अस्मिता बचाने का चुनाव है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पिछले 5 वर्षों में किसान, महिला, मजदूर, नौजवान सब ने खुद को ठगा महसूस किया। एनडीए गठबंधन चाहेगी कि जनता को इस तकलीफ से मुक्त किया जाए। भारतीय जनता पार्टी, आजसू पार्टी, जनता दल यू और लोजपा झारखंड में मिलकर चुनाव लड़ेंगे। मिलकर अभियान भी चलेगा। आपस में चर्चा पूरी हो चुकी है। सीट शेयरिंग पर भी सहमति है। जल्द हमारे उम्मीदवार घोषित होगी और चुनाव के मैदान में कूदेंगे। इंडी गठबंधन के कुशासन का अंत कर हम चैन की सांस लेंगे। लोगों को सुरक्षा देना, मां-बहनों को सशक्त करना बेहद ही जरूरी है। राज्य की जनता वर्तमान सरकार से मुक्ति पाना चाहती है। आज आदिवासियों की जमीन लूटी जा रही है। बचाने वाला कोई नहीं है। डीसी, सीओ, बीडीओ कोई सुनने वाला नहीं है। सेना की जमीन भी लूटी गई है। संताल परगना में आदिवासियों की जनसंख्या में 16 फीसदी की गिरावट आई है। जमीन से भी बेदखल हो रहे हैं। बताने के बाद भी सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि झारखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए चुनाव लड़ेगा। आजसू 10 सीट में चुनाव लड़ेगी। इसमें सिल्ली, रामगढ़, गोमिया, ईचागढ़, मांडू, जुगसलाई, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा, मनोहरपुर शामिल हैं। जमशेदपुर पश्चिम और तमाड़ जेडीयू लड़ेगी। लोजपा चतरा सीट से चुनाव लड़ेगी। अन्य सीट पर भारतीय जनता पार्टी चुनाव लड़ेगी। आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि एनडीए का नेतृत्व में झारखंड में चुनाव लड़ा जाएगा। जनता दोनों दलों को साथ में देखना चाहती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार से हर कोई त्रस्त है।