विशेष समुदाय के लोगों को सरकार दे रही खुला संरक्षणः बाबूलाल मरांडी

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट पर शनिवार को कहा है कि झारखंड की अबुआ सरकार समुदाय विशेष के लोगों को जमीन विवाद से जुड़े मामलों में खुला संरक्षण दे रही है। इससे सबसे ज्यादा नुकसान आदिवासियों को भुगतना पड़ रहा है।

मरांडी ने कहा कि पाकुड़ में समुदाय विशेष के जरिये सरकारी जमीन पर जबरन अवैध निर्माण करना दर्शाता है कि इन्हें किस हद तक सरकार का संरक्षण प्राप्त है। संताल परगना सहित पूरे प्रदेश में आदिवासियों की जमीन पर अवैध कब्जे की घटनाएं बढ़ रही हैं। आदिवासी समाज झारखंड की सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत का अहम हिस्सा है लेकिन बाहरी घुसपैठ और जमीन कब्जाने की घटनाओं के चलते वह अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कहा है कि वोटबैंक की राजनीति छोड़कर ऐसे मामलों में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई करें, ताकि आदिवासियों के अधिकार और अस्तित्व सुरक्षित रह सकें।

Spread the love