वर्धा जिले में जीटी एक्सप्रेस के पार्सल कोच में आग से हडक़ंप, कोई हताहत नहीं

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

मुंबई : महाराष्ट्र के वर्धा जिले में सेवाग्राम स्टेशन के पास चेन्नई से नई दिल्ली की ओर नागपुर जा रही ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस (जी.टी. एक्सप्रेस) के एक पार्सल कोच में मंगलवार को अचानक आग लग जाने से हडक़ंप मच गया। इसकी सूचना मिलते ही रेलवे स्टाफ़ ने तुरंत आग लगे कोच को ट्रेन से अलग किया और ट्रेन को आगे रवाना कर दिया। मध्य रेलवे के प्रवक्ता संजय मुले ने मीडिया को बताया कि जीटी एक्सप्रेस के पार्सल कोच में आग लगने की जानकारी मिलते ही रेलवे स्टाफ और फायर ब्रिगेड के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और आग लगी कोच को ट्रेन से अलग कर दिया। इसके बाद ट्रेन को उसके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। ट्रेन के सभी पैसेंजर सुरक्षित हैं। कोच में आग लगने के कारणों को पता लगाने का काम जारी है।

आग इलेक्ट्रिकल सिस्टम में खराबी की वजह से लगने की आशंका : स्थानीय सूत्रों ने बताया कि ट्रेन अपने रेगुलर शेड्यूल के हिसाब से चल रही थी, उसी समय पार्सल कोच के यात्रियों ने ट्रेन से धुआं निकलते देखा। कुछ यात्रियों ने तुरंत चेन खींचकर ट्रेन रोक दी। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे स्टाफ मौके पर पहुंचा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन को सेवाग्राम में रोक दिया गया। जलते हुए कोच में सवार यात्रियों को तुरंत नीचे उतारकर सुरक्षित जगह पर पहुंचाया गया। इसके बाद जलते हुए कोच को ट्रेस से अलग किया गया और ट्रेन को आगे रवाना कर दिया। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग लगने का सही कारण अभी साफ नहीं है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक यह माना जा रहा है कि आग इलेक्ट्रिकल सिस्टम में खराबी की वजह से लगी होगी। रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है ।

Spread the love