REPORTING BY ASHUTOSH JHA
काठमांडू : नेपाल पत्रकार मंच द्वारा स्थापित उमाकांत पौडेल स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार वरिष्ठ संचारकर्मी शिरोमणि दवाड़ी को प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। ललितपुर के लाकुरी भंज्यांग में शनिवार को संपन्न बैठक ने लगभग तीन दशकों से विभिन्न संचार माध्यमों में सक्रिय दवाड़ी को यह पुरस्कार देने का निर्णय किया। नेपाल पत्रकार मंच के पूर्व महासचिव राम पौडेल के दिवंगत पिता उमाकांत पौडेल की स्मृति में स्थापित इस पुरस्कार के लिए उपाध्यक्ष विमल थापा के संयोजकत्व में गठित पुरस्कार चयन समिति ने दवाड़ी का चयन किया।
नेपाल पत्रकार मंच के अध्यक्ष युवराज विद्रोही ने जानकारी दी कि मंच की स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी चैत्र 30 को आयोजित विशेष कार्यक्रम में दवाड़ी को यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसी बैठक में शिक्षासेवी नारायण आचार्य के दिवंगत माता–पिता यानकुमारी आचार्य तथा इन्द्रप्रसाद आचार्य की स्मृति में इन्द्रप्रसाद–यानकुमारी आचार्य स्मृति शैक्षिक पत्रकारिता पुरस्कार की घोषणा भी की गई। 11,111 रुपये की राशि वाला यह पुरस्कार शैक्षिक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने वाले एक पत्रकार को प्रत्येक वर्ष प्रदान किया जाएगा। बैठक ने पुरस्कार स्थापित करने वाले पौडेल और आचार्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए बताया कि नेपाल पत्रकार मंच प्रत्येक वर्ष पत्रकारिता की विभिन्न विधाओं में योगदान देने वाले पत्रकारों को 10 विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान करता आ रहा है।
