Eksandeshlive Desk
रांची : यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों के संगठन यूनियन बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन, झारखंड की 8वीं त्रैमासिक कार्यकारिणी समिति की बैठक सह अधिकारी मिलन समारोह का आयोजन 15 मार्च (रविवार) को लेक गार्डन बैंक्वेट हॉल, ओल्ड अरगोड़ा रोड, अरगोड़ा, रांची में संपन्न हुआ। इस अवसर पर रांची नगर में पदस्थापित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के 150 से अधिक अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समारोह को संबोधित करते हुए संगठन के महासचिव ज्योत्स्नेश्वर पांडेय ने बैंकिंग उद्योग में हाल के महत्वपूर्ण घटनाक्रमों, बैंक अधिकारियों से संबंधित समकालीन मुद्दों तथा संगठन स्तर पर चल रही गतिविधियों से उपस्थित अधिकारियों को अवगत कराया।
इस अवसर पर अध्यक्ष उज्ज्वल लकड़ा तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिशिर ठाकुर ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठनात्मक एकता, संवाद और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित संवाद सत्र में अधिकारियों ने शाखा स्तर पर कार्य करते हुए जिन विभिन्न समस्याओं एवं चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, उन्हें संगठन के समक्ष रखा। महासचिव पांडेय ने आश्वस्त किया कि इन सभी मुद्दों को शीघ्र ही बैंक प्रबंधन के समक्ष उठाकर उनके समाधान के लिए सार्थक प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में संगठन की महिला साथियों को विशेष उपहार प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का समापन चेयरमैन देबोजीत दत्ता द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु आयोजन समिति के सदस्यों अनीश भारती, प्रवीण कुमार एवं परेश प्रियदर्शी के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।
