Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली : संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा (सीएसई) 2026 और भारतीय वन सेवा (आईएफएस) परीक्षा 2026 के उम्मीदवारों की सुविधा के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। आवेदन प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से आयोग ने अपने कॉल सेंटर के परिचालन घंटों में विस्तार किया है। यूपीएससी के अनुसार अब आवेदनकर्ता सुबह 07:00 बजे से रात 09:00 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। साथ ही, शनिवार, रविवार और अवकाश के दिनों सहित सभी दिन संपर्क किया जा सकता है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य आवेदकों के साथ संवाद को मजबूत करना और परीक्षा संबंधी प्रश्नों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है। यह कदम आयोग की एक कुशल, उत्तरदायी और विद्यार्थी-केंद्रित परीक्षा प्रणाली बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अब उम्मीदवार नियमित कार्यालय समय के बाद भी समाधान प्राप्त कर सकेंगे, जिससे आवेदन प्रक्रिया के अंतिम दिनों में होने वाली भीड़ और तकनीकी तनाव को कम किया जा सकेगा। यूपीएससी के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने उम्मीदवारों की सुविधा के प्रति आयोग की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए कहा, “इन प्रयासों का उद्देश्य उम्मीदवारों को सुविधा प्रदान करना और यह सुनिश्चित करना है कि सभी आवश्यक सहायता मौजूद हों।”
