Saddam
शिकारीपाड़ा/दुमका: दुमका जिला के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत लताकादर गांव में एक युवक की जीभ काटने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़ित की पत्नी जैलेनूर बीवी ने शिकारीपाड़ा थाना में आवेदन देकर 6 व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज करने की गुहार लगाई है।
जैलेनूर के अनुसार उसका पति लालटू शेख 2 सितंबर की शाम लगभग 6:00 बजे गोंनपुरा चौक घूमने की बात कहकर घर से निकाला, लेकिन 10 बजे रात तक घर नहीं आया। घर वाले खोजने लगे उसी दौरान लालटू लहूलुहान स्थिति में घर के अंदर प्रवेश किया। पूछने पर वह कुछ नहीं बोल पा रहा था, उसने इशारे से बताया कि उसका हाथ पैर बांधकर उसकी जीभ काट दी गई है। गांव के धोरो किस्कू एवं सुरजो सोरेन ने हल्ला सुनने की बात बताई। खोजबीन करने पर कलावती मुर्मू के घर के अंदर एवं बाहर खून का निशान मिला। लालटू शेख को समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिकारीपाड़ा लाया गया जहां स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सक द्वारा लालटू को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन उसे लेकर पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट ले गए, लेकिन वहां से भी उसे रेफर कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार अभी उसे इलाज के लिए कोलकाता ले जाया गया है। आक्रोशित लोगों द्वारा कलावती मुर्मू को खजूर पेड़ में बांध कर रखा गया था, जिसे शिकारीपाड़ा पुलिस ने छुड़ाकर एक अन्य महिला के साथ थाना लाया। दोनों महिलाओं से पुलिस थाना में पूछताछ कर रही थी।