Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम: गोलमुरी थाना क्षेत्र के नीलडीह ब्रिज के पास रविवार दोपहर पुराने विवाद और रुपये की लूट को लेकर चिराग सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया गया।
प्रत्यदर्शियों के अनुसार, नामदा बस्ती निवासी चिराग सिंह को 15 से 20 की संख्या में आए हमलावरों ने घेरकर चापड़, लाठी और डंडों से बेरहमी से पीट दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल चिराग सिंह को परिजनों ने खून से लथपथ हालत में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल चिराग की बुआ सोनिया ने बताया कि चिराग गाड़ियों की चेचिस चलाने का काम करता है। रविवार को वह चेचिस लेकर बाहर जाने की तैयारी में था और इसी सिलसिले में नीलडीह स्थित एक गेस्ट हाउस गया था। वहां से वह चेचिस से जुड़े जरूरी कागजात और यात्रा खर्च के लिए 25 हजार रुपये नकद लेकर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने नीलडीह ब्रिज के पास उसे घेर लिया और अचानक हमला कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि बस्ती के ही कुछ दबंगों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने देवा, राजू, गब्बर और जसप्रीत समेत अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि हमलावरों ने चिराग को चापड़ और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटने के साथ ही 25 हजार रुपये नकद भी छीन लिए और मौके से फरार हो गए। परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात भी इन्हीं आरोपितों ने चिराग के साथ मारपीट की थी, लेकिन उस समय मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा था। बताया जा रहा है कि उसी पुराने विवाद को लेकर रविवार को आरोपितों ने योजनाबद्ध तरीके से उस पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद गोलमुरी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।
