श्रीलंका के राष्ट्रपति तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके तीन दिवसीय भारत यात्रा पर रविवार को नई दिल्ली पहुंचे। केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन ने उनका स्वागत किया। श्रीलंका का राष्ट्रपति निर्वाचित होने के बाद यह उनकी पहली अन्तरराष्ट्रीय यात्रा है। उनके आगमन की जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि उनकी यात्रा से दोनों देशों के नागरिक केंद्रित साझेदारी और सशक्त होगी। दिसानायके 15 से 17 दिसंबर तक तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत आये हैं।

अपनी यात्रा के दौरान दिसानायके भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उनका बौद्ध गया जाने का भी कार्यक्रम है। राष्ट्रपति दिसानायके की यात्रा के बारे में श्रीलंका के कैबिनेट प्रवक्ता और स्वास्थ्य मंत्री नलिंदा जयतिसा ने भी बताया राष्ट्रपति के साथ विदेश मंत्री विजिता हेराथ और वित्त उप मंत्री अनिल जयंता फर्नांडो भी होंगे।

उल्लेखनीय है कि दिसानायके इसी साल सितम्बर माह में श्रीलंका के राष्ट्रपति निर्वाचित हुए थे। उसके बाद भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपनी कोलंबो यात्रा के दौरान 04 अक्टूबर को उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया था। अपनी कोलंबो यात्रा के दौरान जयशंकर ने भारत की ‘पड़ोसी पहले’ नीति और सागर विजन के आधार पर द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए भारत की मजबूत प्रतिबद्धता जाहिर की थी। श्रीलंका के राष्ट्रपति दिसानायके की भारत यात्रा से भारत-श्रीलंका संबंधों को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इस दौरान आर्थिक सहयोग, क्षेत्रीय स्थिरता और द्वीप राष्ट्र में सुलह प्रयासों पर चर्चा के केंद्रित रहने की संभावना है।