हजारीबाग सदर एसडीओ की गिरफ्तारी को लेकर थाने में शव के साथ बैठे परिजन

Crime

Eksandeshlive Desk

हजारीबाग : हजारीबाग सदर एसडीओ अशोक कुमार की गिरफ्तारी को लेकर उनके ससुराल पक्ष के लोगों ने लोहसिंघना थाना में शव के साथ शनिवार शाम गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गये। सभी का कहना था कि हत्यारा एसडीओ अशोक को अविलंब गिरफ्तार करो। उल्लेखनीय हो कि शनिवार अहले सुबह एसडीओ की पत्नी अनिता देवी की मौत रांची के देवकमल अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। वह एसडीओ आवास में जल गई थी। और वह बुरी तरह से झुलस गई थी। थाना प्रभारी संदीप कुमार मंडल ने कहा कि आवेदन मिला है। विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

एसडीओ के साला राजू कुमार के मुताबिक 26 दिसंबर को एसडीओ के भाई ने फोन कर कहा कि अनिता जल गई है। यह कहकर फोन काट दिया। फिर मैंने फोन किया तो पता चला कि हजारीबाग के एक अस्पताल से बहन को रेफर कर दिया गया है। उन्हें बोकारो के बीजीएच ले जा रहे हैं। घटना कब हुई, कैसे हुई, इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी। बाद में पता चला कि घटना सुबह सात बजे की है। हमलोग बोकारो पहुंचे तो देखा कि बहन बुरी तरह से झुलस चुकी थी। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि वह 65 फीसदी तक झुलस गई थी। रांची में इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। वहीं एसडीओ अशोक कुमार ने कहा कि गुरुवार को पत्नी मॉर्निंग वॉक जाने को तैयार थी। घर में रंग-रोगन का काम चल रहा है। इसलिए मैंने पत्नी को रोका तो वह नाराज हो गई और खुद पर तेल छिड़ककर आग लगा ली। उसे बचाने में मेरे हाथ भी जल गए।