नगड़ी में टोल प्लाजा का लाइट टावर ऑटो पर गिरने से दो की मौत, पांच गंभीर रूप से घायल

360° Crime Ek Sandesh Live

Kamesh Thakur

रांची: नगड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पतरा चौली स्थित टोल प्लाजा का लाइट टावर एक ऑटो पर गिरा। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि हादसे में ऑटो में बैठे पांच यात्री बुरी तरह से जख्मी हुए हैं। घायलों को स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक राय ने बताया कि हादसे में दो महिलाओं की मौत हुई है जबकि पांच घायल हैं। पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के अनुसार रांची-गुमला रोड़ पतराचौली गांव स्थित टोल प्लाजा के पास से एक ऑटो गुजर रहा था।ऑटो में लगभग आठ के करीब यात्री बैठे हुए थे। इसी दौरान टोल प्लाजा के पास स्थित लाइट टावर अचानक आॅटो पर जा गिरा। इस हादसे में आठों यात्री ऑटो में ही दब गए। हादसे को देख स्थानीय और टोल कर्मी भागे भागे मौके पर पहुंचे और ऑटो में दबे यात्रियों को निकालने की कोशिश करने लगे। इसी बीच नगड़ी पुलिस भी मौके पर पहुची, लेकिन इस दौरान ऑटो में सवार दो महिलाओं की मौत मौके पर ही हो चुकी थी। वहीं पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
इस घटना के बाद आक्रोशित सैकड़ो स्थानीय ग्रामीण ने टोल प्लाजा के पास जमकर हंगामा किया। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे बाजी कर रहे थे। और इस हादसे में मृतकों के परिवार को सरकारी नौकरी और मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।
रांची जिला प्रशासन लाइट टावर कैसे गिरा इसकी जांच भी कर रहा है। प्रशासन का कहना है कि मामले में जो भी दोषी होगा उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।