Eksandeshlive Desk
रामगढ़ : कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू ने सोमवार को पार्टी को मजबूती देने के लिए कार्यकर्ताओं से बातचीत की। जिले के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से बात कर उन्होंने अपना ठोस एजेंडा स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा है कि रामगढ़ जिले के कार्यकर्ता न सिर्फ सक्रिय हैं, बल्कि वह पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए कृत संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि पूरे झारखंड में रामगढ़ जिला एक मॉडल के रूप में प्रस्तुत होने जा रहा है। प्रखंड, मंडल और जिला स्तर पर हर महीने बैठक होगी ताकि इसकी समीक्षा हो सके। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी और मजबूत होगी ताकि आगे आने वाले चुनाव में इसका लाभ मिल सके।
आदिवासियों को धर्म बताने से भाजपा ने झाड़ा पल्ला : कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के राजू ने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि ब्रिटिश गवर्नमेंट के समय से ही हर 10 साल पर जातिगत जनगणना होती रही है। उसमें हर व्यक्ति को अपना धर्म बताने का अधिकार रहा है। आजादी के बाद भी कांग्रेस ने इस प्रक्रिया को बरकरार रखा। इस बार जब भाजपा ने जातिगत जनगणना की बात की तो उन्होंने कई जातियों से उसका धर्म बताने का अधिकार छीन लिया। इसलिए कांग्रेस ने इसे अपना मुद्दा बनाया है। कांग्रेस के हर मुद्दे पर भाजपा को है आपत्ति प्रदेश प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस के हर मुद्दे पर भाजपा को आपत्ति रहती है। आज जब 11 वर्ष केंद्र सरकार के पूरे हो गए हैं तब भी बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर के मुद्दे को उठाया जा रहा है, जबकि हकीकत यह है कि कांग्रेस ने जितना सम्मान बाबा साहब को दिया है, उतना किसी ने नहीं दिया। लेकिन इस बार भाजपा उन पर बुनियादी तौर पर बाबासाहेब को अपमानित करने का आरोप लगा रही है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कार्यकारी अध्यक्ष शहजाद अनवर, रामगढ़ जिला प्रभारी प्रदीप तुलस्यान, जिला अध्यक्ष मुन्ना पासवान, रामगढ़ विधायक ममता देवी, बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद, मांडू के पूर्व विधायक जयप्रकाश भाई पटेल, शांतनु मिश्रा सहित अन्य मौजूद थे।