शिबू सोरेन के अंतिम दर्शन के लिए रांची से नेमरा तक उमड़ा जनसैलाब

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक, पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन की अंतिम यात्रा रामगढ़ के नेमरा पहुंच गई है। शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर के नेमरा पहुंचने से पहले गुरुजी की धर्मपत्नी रूपी सोरेन, छोटी बहू कल्पना सोरेन और सबसे छोटे पुत्र बसंत सोरेन गांव पहुंच गए हैं। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर को रांची से नेमरा ले जाने के दौरान झारखंड आंदोलन के पुरोधा को अंतिम विदाई देने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। दिशोम गुरु के अंतिम दर्शन के लिए रांची से नेमरा तक उनके चाहने वालों का सैलाब उमड़ पड़ा। जैसे-जैसे गुरुजी की अंतिम यात्रा आगे बढ़ती गई, लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते गए। इस दौरान सभी की आंखें नम थीं। रामगढ़ के गोला में भी बड़ी संख्या में लोगों ने गुरुजी के अंतिम दर्शन किए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उल्लेखनीय है कि रांची स्थित विधानसभा से निकली दिशोम गुरु शिबू सोरेन की अंतिम यात्रा के दौरान उनके पैतृक गांव नेमरा तक जगह-जगह लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनको नमन किया।

विधानसभा में गुरुजी को दी गई अंतिम विदाई : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन को सोमवार को झारखंड विधानसभा में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राज्यपाल, मंत्री और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शिबू सोरेन को श्रद्दा के फूल अर्पित किए और उन्हें नमन किया। दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में राज्य के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राज्य के मंत्री इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, योगेंद्र प्रसाद, सुदिव्य सोनू, राधाकृष्ण किशोर और ने शामिल रहे। इस दौरान राज्य के सभी विधायक भी मौजूद रहे। विधानसभा परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में दो मिनट का मौन भी रखा गया। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह भी मोराहाबादी स्थित पैतृक आवास पहुंचकर शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। इससे पहले दिशोम गुरू की अंतिम यात्रा जब मोरहाबादी स्थित उनके आवास से विधानसभा के लिए निकली, तो फिजां पर वीर शिबू अमर रहे का नारा गूंजने लगा। जैसे-जैसे काफिला विधानसभा की ओर बढ़ता गया, गुरुजी के दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती गई। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन की खबर से देशभर में शोक की लहर है। उनका इस दुनिया से जाना हर किसी को खल रहा है। शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार आज रामगढ़ जिला के उनके पैतृक गांव नेमरा में किया जाएगा। अंतिम संस्कार की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दूसरे राज्यों से नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी गुरुजी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी गुरुजी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

जनसेवा और संघर्ष के प्रतीक थे दिशोम गुरु शिबू सोरेन: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मंगलवार को झारखंड विधानसभा परिसर में शिबू सोरोन के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। राज्यपाल ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का जीवन जनजातीय अस्मिता, अधिकार और सामाजिक उत्थान को समर्पित रहा है। वे जनसेवा और संघर्ष के प्रतीक थे। उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज की चेतना और सशक्तिकरण को नई दिशा मिली। राज्यपाल ने कहा कि झारखंड उन्हें सदैव आदर और गर्व के साथ स्मरण करेगा। राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा।