जेएचआईएमडीआई परियोजना के तहत संचालित प्लॉटों का जेआईसीए मुख्यालय के सहायक निदेशक ने किया भ्रमण

Business

Eksandeshlive Desk

रांची : जापान इंटरनेशनल कॉपरेशन एजेंसी (जेआईसीए) मुख्यालय के सहायक निदेशक नाकायामा शोता ने रांची जिले के नामकुम प्रखंड अंतर्गत रामपुर पंचायत के चेने और सरवल गांवों में जेएचआईएमडीआई परियोजना के तहत संचालित प्लॉटों का दौरा किया। इस परियोजना को जेआईसीए के सहयोग से रांची जिले के 12 प्रखंडों में लागू किया गया। जिसका उद्देश्य माइक्रो ड्रिप इरीगेशन के माध्यम से बागवानी को बढ़ावा देना और किसानों की आजीविका को सशक्त करना है।

बहुद्देशीय सामुदायिक केंद्र और सोलर कूल चैम्बर का अवलोकन : भ्रमण के दौरान नाकायामा शोता ने खरसिदाग गांव में बहुद्देशीय सामुदायिक केंद्र और सोलर कूल चैम्बर का अवलोकन किया, जहां उन्होंने स्थानीय किसानों, विशेष रूप से महिला किसानों (दीदियों) के साथ परियोजना के प्रभाव और प्रगति पर विस्तृत चर्चा की। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य परियोजना के सुचारू संचालन की समीक्षा करना और इसके दूसरे चरण के लिए उच्चाधिकारियों के साथ रणनीतिक बैठक करना था। माइक्रो ड्रिप इरीगेशन तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि और जल संसाधनों का कुशल उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। जेएचआईएमडीआई परियोजना के तहत रांची जिले में बागवानी और माइक्रो ड्रिप इरीगेशन तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि और जल संसाधनों का कुशल उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। यह परियोजना स्थानीय समुदायों के लिए सतत विकास और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

दीदियों के समर्पण और उत्कृष्ट कार्य की सराहना : नाकायामा शोता ने परियोजना के कार्यों और किसानों के प्रयासों पर संतुष्टि व्यक्त की। उन्होंने विशेष रूप से दीदियों के समर्पण और उत्कृष्ट कार्य की सराहना की, साथ ही उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “जेएचआईएमडीआई परियोजना न केवल कृषि उत्पादकता को बढ़ा रही है, बल्कि ग्रामीण समुदायों, विशेषकर महिलाओं को सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।” भ्रमण के दौरान राज्य कार्यालय से जेआईसीए के मुख्य परिचालन अधिकारी प्रवीण सिंह, परियोजना प्रबंधक पंकज सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक निशिकांत नीरज, जेआईसीए डीपीसी अभिषेक चांद, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक सुजाता सोनी, टीएसओ चंदन साव, सनातन किंडो इत्यादि उपस्थित थे।

Spread the love