माकपा राज्य सचिव सहित चार नेताओं ने किया देहदान

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : माकपा के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव सहित अन्य तीन पार्टी के नेताओं सचिवमंडल सदस्य समीर दास, राज्य कमिटी सदस्य अमल पांडेय और विरेंद्र कुमार ने चिकित्सीय और मेडिकल छात्रों के शोध के लिए मृत्यु के बाद देहदान करने प्रक्रिया गुरुवार को पूरी की। इसके लिए उन्होंने पारिवारिक सहमति भी ले ली। इसके पूर्व उपरोक्त लोगों ने अंगदान की घोषणा कर भारत सरकार के चिकित्सा और परिवार कल्याण मंत्रालय से प्रमाण-पत्र प्राप्त कर लिया है। यह कार्य झारखंड साइंस फोरम की रांची इकाई की पहल पर राजेन्द्र इंस्टीटयूट आफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) के एनाटॉमी विभाग के बॉडी डोनेशन युनिट में विभागाध्यक्ष डॉ. डी कुमार के समक्ष किया गया।

झारखंड साइंस फोरम की पहल को हर संभव का सहयोग का आश्वासन : रिम्स के एनाटॉमी विभाग में उपरोक्त लोगों ने फॉर्म में घोषणा की। इसके बाद डिपार्टमेंट के एचओडी डॉ डी. कुमार ने इस लिखित फार्म में की गई घोषणा को बॉडी डोनेशन यूनिट में पंजीकृत किया और देहदान करने वालों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि देहदान से मेडिकल छात्रों के चिकित्सीय रिसर्च के अलावा कई जिंदगियों को बचाया भी जा सकता है और मृत शरीर के कई अंगों को जरुरतमंद लोगों को ट्रांसप्लांट किया जा सकता है। उन्होंने झारखंड साइंस फोरम की ओर से इस पहल के लिए बधाई देते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इसके पूर्व झारखंड साइंस फोरम के एस रमेश और किशोर चक्रवर्ती ने भी अपना और अपनी पत्नी के देहदान की प्रक्रिया पूरी की थी।

Spread the love